कनाडा में भारतीय महिलाओं की सुरक्षा के लिए दूतावास ने शुरू किया ‘वन स्टॉप सेंटर’

टोरंटो: कनाडा में रहने वाली भारतीय महिलाओं की सुरक्षा और सहायता के लिए भारत के वाणिज्य दूतावास ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। दूतावास ने ‘वन स्टॉप सेंटर फॉर वूमन (OSC-W)’ की स्थापना की है, जिसका उद्देश्य संकट में फंसी भारतीय पासपोर्ट धारक महिलाओं को तुरंत मदद प्रदान करना है।
किसे मिलेगी सहायता?
यह केंद्र उन महिलाओं की मदद करेगा, जो घरेलू हिंसा, शारीरिक या मानसिक उत्पीड़न, पारिवारिक विवाद, पति की ओर से परित्याग, शोषण या कानूनी परेशानियों जैसी समस्याओं का सामना कर रही हैं। इसके साथ ही, दूतावास ने 24x7 हेल्पलाइन शुरू की है, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल मदद मिल सके।
क्या-क्या सुविधाएं उपलब्ध होंगी?
OSC-W के तहत महिलाओं को निम्नलिखित सुविधाएं दी जाएंगी:
तुरंत काउंसलिंग और मानसिक/भावनात्मक सहायता
मनो-सामाजिक सहयोग
कानूनी सलाह और सहायता
कनाडा में उपलब्ध सामाजिक और सामुदायिक सेवाओं तक सुगम पहुंच
दूतावास ने स्पष्ट किया है कि केंद्र की पूरी गतिविधियां कनाडा के स्थानीय कानूनों के अनुसार संचालित की जाएंगी।
केंद्र का संचालन महिला अधिकारी करेंगी
इस केंद्र को एक महिला सेंटर एडमिनिस्ट्रेटर संचालित करेंगी, जो यह सुनिश्चित करेंगी कि पीड़ित महिलाओं को सुरक्षित, सम्मानजनक और समग्र सहायता मिले। जरूरतमंद महिलाओं को दी जाने वाली वित्तीय मदद उनकी आर्थिक स्थिति (‘मीन्स टेस्ट’) के आधार पर, भारत सरकार के नियमों के अनुसार उपलब्ध कराई जाएगी।
कैसे करें संपर्क?
जरूरतमंद महिलाएं फोन +1 (437) 552 3309 या ई-मेल: osc.toronto@mea.gov.in के माध्यम से संपर्क कर सकती हैं।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
भारतीय मिशन की वेबसाइट पर एक FAQ सेक्शन उपलब्ध है, जिसमें यह जानकारी दी गई है कि विदेश में रहने वाली भारतीय महिलाओं को धोखाधड़ी, उत्पीड़न या परित्याग की स्थिति में किस प्रकार मदद मिल सकती है और किन मामलों में अधिकारी की सीमाएं हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.