पश्चिम एशिया संकट के बीच भारत में ईंधन सुरक्षित, पेट्रोलियम मंत्रालय ने दी राहत

पश्चिम एशिया में हालिया घटनाओं के कारण वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति शृंखला में पैदा हुई अनिश्चितताओं के बीच भारत के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि देश में कच्चे तेल और पेट्रोलियम उत्पादों का भंडार पर्याप्त मात्रा में मौजूद है।
सरकार ने आम लोगों से की अपील
मंत्रालय ने देशवासियों से एलपीजी के सिलेंडर को लेकर अफवाहों पर विश्वास न करने की अपील की है। पेट्रोलियम मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा, "घबराएं नहीं और पैनिक न करें। बुकिंग के बाद सिलेंडर तय समय पर आपके घर पहुंचाया जाएगा।" उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि एलपीजी का इस्तेमाल संयमित रूप से करें और जहां संभव हो पीएनजी (प्राकृतिक गैस) का इस्तेमाल बढ़ाएं।
ऊर्जा सुरक्षा और कूटनीतिक प्रयास
सरकार ने ऊर्जा आपूर्ति, नागरिक सुरक्षा और बाजार स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए कई कदम उठाए हैं। विदेश मंत्रालय वैश्विक ऊर्जा सुरक्षा के लिए कूटनीतिक प्रयास कर रहा है, जबकि पेट्रोलियम और शिपिंग मंत्रालय घरेलू स्तर पर ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता और लॉजिस्टिक्स के सुचारू संचालन का भरोसा दे रहे हैं।
संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि देश में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति पर्याप्त है। साथ ही कमर्शियल एलपीजी उपभोक्ताओं को पीएनजी में शिफ्ट करने के प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे ईंधन की बचत और बाजार स्थिरता दोनों सुनिश्चित हों।
एलपीजी जमाखोरों के खिलाफ कार्रवाई
सरकार ने बाजार में कृत्रिम कमी रोकने के लिए एलपीजी जमाखोरों पर कार्रवाई तेज कर दी है। सुजाता शर्मा के अनुसार, पिछले कुछ दिनों में लगभग 12,000 छापेमारी की गई और 15,000 सिलेंडर जब्त किए गए।
-
दिल्ली और उत्तर प्रदेश: दिल्ली में 600 सिलेंडर जब्त, यूपी में 450 निरीक्षणों में 10 गिरफ्तार
-
जम्मू-कश्मीर और केरल: जम्मू-कश्मीर में 564 छापेमारी, केरल में 1,000 निरीक्षणों में सिलेंडर जब्त
-
मध्य प्रदेश: 1,200 छापों में 1,800 सिलेंडर जब्त
इसके अलावा, तेल विपणन कंपनियों ने लगभग 2,500 रिटेल आउटलेट्स और एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटरशिप्स पर औचक निरीक्षण किया।
विदेश मंत्रालय ने क्या कहा
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ब्रसेल्स में यूरोपीय संघ के उच्च प्रतिनिधि काजा कलास के आमंत्रण पर ईयू विदेश मामलों की परिषद की बैठक में हिस्सा लिया। बैठक में पश्चिम एशिया के हालात और ऊर्जा सुरक्षा पर चर्चा की गई और संघर्ष को जल्द समाप्त करने के लिए कूटनीति की आवश्यकता पर बल दिया गया।
शिपिंग मंत्रालय और जहाजरानी अपडेट
शिपिंग मंत्रालय के राजेश कुमार सिन्हा ने बताया कि खाड़ी क्षेत्र में सभी भारतीय नाविक और जहाज सुरक्षित हैं। पिछले 24 घंटों में 161 भारतीय नाविकों को सुरक्षित भारत लाया गया।
ऊर्जा आयात के मोर्चे पर, एलपीजी कैरियर ‘नंदा देवी’ आज तड़के 2:30 बजे कांडला पहुंचा। इसके साथ ही ‘शिवालिक’ और ‘नंदा देवी’ से कार्गो को व्यवस्थित तरीके से डिस्चार्ज किया जा रहा है।
प्रेस वार्ता में यह भी स्पष्ट किया गया कि जवाहरलाल नेहरू पोर्ट पर 450 कंटेनरों के सड़क पर पड़े होने की खबर निराधार है। सभी कंटेनर नीति के अनुसार सुरक्षित हैं।
सरकार ने कहा कि पश्चिम एशिया की घटनाओं पर निगरानी लगातार जारी है और 18 मार्च को विदेश मामलों की संसदीय स्थायी समिति की बैठक में इस पर चर्चा होगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.