हरिद्वार में उमड़ा शिवभक्तों का सैलाब, अब तक 1.09 करोड़ श्रद्धालु गंगाजल लेकर लौटे
By Hitesh — August 3, 2026

HIGHLIGHTS
- सोमवार शाम तक 32 लाख 25 हजार कांवड़ यात्री हरिद्वार से गंगाजल लेकर रवाना हुए।
- हरकी पैड़ी, नीलधारा और प्रमुख कांवड़ मार्गों पर सुबह से श्रद्धालुओं की कतारें लगी रहीं।
- डाक कांवड़ यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए बैरागी कैंप में पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है।
Author: — Dainik Dehat
उत्तराखंड: मेला नियंत्रण भवन से जारी आंकड़ों के मुताबिक, सोमवार शाम छह बजे तक 32 लाख 25 हजार कांवड़ यात्री हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हो चुके थे। इसके साथ ही कांवड़ यात्रा शुरू होने से अब तक गंगाजल लेकर लौटने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बढ़कर एक करोड़ नौ लाख 10 हजार पहुंच गई है। मंगलवार को पंचक समाप्त होने के बाद कांवड़ यात्रा में शिवभक्तों की संख्या में और बढ़ोतरी होने की संभावना है।
सोमवार सुबह से ही हरकी पैड़ी, नीलधारा, भीमगोड़ा, चंडीघाट और प्रमुख कांवड़ मार्गों पर शिवभक्तों की लंबी कतारें दिखाई दीं। श्रद्धालुओं ने गंगाजल भरा और इसके बाद लगातार अपने-अपने गंतव्य की ओर बढ़ते रहे।
कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस और प्रशासन की टीमें भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों को संभालने में पूरे दिन जुटी रहीं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार फिलहाल पंचक चल रहा है, जिसका समापन मंगलवार को होगा।
पंचक खत्म होने के बाद कांवड़ यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या तेजी से बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि शिवभक्तों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए मेला क्षेत्र और कांवड़ मार्गों पर पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। सभी संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। यातायात, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की लगातार निगरानी की जा रही है।
वहीं, कांवड़ मेले के शुरुआती दिनों में अपेक्षाकृत शांत रहने वाला कनखल का बैरागी कैंप अब डाक कांवड़ यात्रियों की बढ़ती आमद को लेकर तैयार किया जा रहा है। चार अगस्त को पंचक समाप्त होने के बाद डाक कांवड़ यात्रियों के बड़े जत्थों के हरिद्वार पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन ने बैरागी कैंप में व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।
आने वाले दिनों में बैरागी कैंप क्षेत्र वाहनों, शिवभक्तों और अस्थायी बाजारों की गतिविधियों से गुलजार नजर आएगा। हर साल बैरागी कैंप डाक कांवड़ यात्रियों के लिए प्रमुख पड़ावों में शामिल रहता है। जलाभिषेक से करीब पांच दिन पहले यहां हजारों डाक कांवड़िए अपने वाहनों के साथ पहुंचते हैं।
इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने पार्किंग स्थलों को तैयार कर लिया है। पुलिस ने पार्किंग और निकासी मार्गों पर बैरिकेडिंग की व्यवस्था शुरू कर दी है, ताकि यातायात को सुचारु रखा जा सके।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.