मधुबनी में भीषण सड़क हादसा, मॉर्निंग वॉक से लौट रही 3 महिलाओं की मौत

HIGHLIGHTS
- स्टेट हाईवे-27 पर हुआ दर्दनाक हादसा
- छह महिलाओं के समूह को स्कॉर्पियो ने मारी टक्कर
- हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार
मधुबनी जिले के बेनीपट्टी थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। स्टेट हाईवे-27 पर जगदंबा पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार और अनियंत्रित काले रंग की स्कॉर्पियो ने मॉर्निंग वॉक से लौट रही छह महिलाओं के समूह को टक्कर मार दी। हादसे में तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
मृतकों की पहचान अरेर थाना क्षेत्र के धकजरी नवटोली गांव निवासी पच्चू साह की 42 वर्षीय पत्नी रीता देवी, राजू महतो की 40 वर्षीय पत्नी किरण देवी और अरुण झा की 70 वर्षीय पत्नी फूल दाई देवी के तौर पर हुई है।
जानकारी के मुताबिक, गांव की छह महिलाएं रोज सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए इसी रास्ते पर जाती थीं। रविवार को भी सभी महिलाएं वॉक करके घर लौट रही थीं। इसी दौरान जगदंबा पेट्रोल पंप के पास तेज गति से आ रही अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीन महिलाओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया। इसके कारण जगदंबा पेट्रोल पंप के पास सड़क के दोनों तरफ करीब एक-एक किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही बेनीपट्टी और अरेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की ओर से परिजनों और आक्रोशित लोगों को समझाकर जाम खत्म कराने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, पुलिस फरार चालक और वाहन की तलाश कर रही है और पूरे मामले की जांच में जुटी है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद धकजरी नवटोली गांव में मातम पसरा है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.