'मैं चुप हूं तो चुप ही रहने दो', दिल्ली में दिलजीत दोसांझ ने किस पर साधा निशाना?

HIGHLIGHTS
- शुक्रवार शाम नई दिल्ली में दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में हजारों प्रशंसक पहुंचे।
- NEET परीक्षा लीक मामले को लेकर CJP ने विरोध प्रदर्शन किया था।
- एक फैन के सवाल पर दिलजीत ने पहले खुद को केवल कलाकार बताते हुए मामले से दूरी बनाई थी।
शुक्रवार शाम नई दिल्ली में पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट आयोजित किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में उनके प्रशंसक पहुंचे। दिलजीत ने अपने खास अंदाज में शानदार परफॉर्मेंस दी और फैंस उनके गानों पर जमकर थिरकते नजर आए। इसी दौरान सिंगर ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) को लेकर भी अपनी प्रतिक्रिया दी।
दिलजीत दोसांझ ने कॉन्सर्ट में क्या कहा?
दिलजीत दोसांझ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें वह कहते सुनाई दे रहे हैं, 'पंजाबियों को मत सिखाओ कि लड़ाइयां कैसे लड़ी जाती हैं।' इसके साथ ही उन्होंने अपने पुराने बयान 'मैं एक कलाकार हूं ब्रो' पर भी बात की।
हालांकि, दिलजीत ने अपने बयान में किसी का नाम नहीं लिया। लेकिन उनकी इस प्रतिक्रिया को अभिजीत दिपके की ओर से की गई आलोचना से जोड़कर देखा जा रहा है।
क्या है पूरा मामला?
नीट परीक्षा लीक मामले को लेकर CJP ने विरोध प्रदर्शन किया था। इसी दौरान एक फैन ने दिलजीत से इन प्रदर्शनों को लेकर उनकी राय पूछी थी। इस पर सिंगर ने जवाब दिया था, 'मैं सिर्फ एक कलाकार हूं भाई। मुझे इससे दूर रखो।'
इसके बाद अभिजीत दिपके ने दिलजीत की आलोचना की थी। CJP के प्रदर्शन के दौरान मंच से बोलते हुए दिपके ने कहा था, 'आना पड़ता है ब्रो... नहीं तो आपकी फिल्में बैन हो जाती हैं।' उन्होंने दिलजीत की फिल्म 'सतलुज' से जुड़े विवाद का जिक्र करते हुए यह टिप्पणी की थी।
अब दिल्ली में हुए कॉन्सर्ट के दौरान दिलजीत ने इसी मामले पर अपनी बात रखी।
दिलजीत बोले- मैं चुप हूं तो चुप ही रहने दो
कॉन्सर्ट में दिलजीत ने CJP या अभिजीत दिपके, किसी का भी नाम नहीं लिया। उन्होंने कहा, 'मैं कलाकार हूं। आप सभी से प्यार करता हूं। मैं चुप हूं तो मुझे चुप ही रहने दो। मैं आप सबका सपोर्ट करता हूं, लेकिन पंजाबियों को यह मत सिखाओ कि कैसे लड़ा जाता है।'
दिलजीत के इस बयान के बाद अभिजीत दिपके ने भी सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया दी।
अभिजीत दिपके ने दिलजीत के लिए क्या लिखा?
अभिजीत दिपके ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट साझा किया, जिसमें उन्होंने दिलजीत की तारीफ की। उन्होंने बताया कि वह खुद भी सिंगर के प्रशंसक हैं और उनके कॉन्सर्ट में शामिल हो चुके हैं।
दिपके ने पोस्ट में लिखा, 'आपने अपनी जड़ों से जुड़े रहते हुए भारत को वैश्विक मंच तक पहुंचाया है। आपकी हिम्मत और ईमानदारी का मैं हमेशा से फैन रहा हूं। मुझे लगता है कि आपका कमेंट मुझे ज्यादा बुरा लगा, क्योंकि मैंने हमेशा ही आपका बहुत सम्मान किया है। लेकिन एक मतभेद आपके प्रति मेरे सम्मान और प्यार को कम नहीं कर देता। पा जी, छोटा भाई समझ के मिट्टी पाओ।'
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.