भगवंत मान धुरी से लड़ेंगे चुनाव, AAP ने पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए जारी की 40 उम्मीदवारों की पहली सूची

HIGHLIGHTS
- आम आदमी पार्टी ने पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की।
- मुख्यमंत्री भगवंत मान धुरी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे।
- उम्मीदवारों का चयन सर्वे और जनता से मिले फीडबैक के आधार पर किया गया है।
पंजाब। आम आदमी पार्टी (AAP) ने पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली सूची घोषित कर दी है। शुक्रवार को नई दिल्ली में पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति (PAC) की बैठक के दौरान उम्मीदवारों के नामों को अंतिम मंजूरी दी गई। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सूची जारी की, जिसमें कुल 40 प्रत्याशियों के नाम शामिल हैं।
पहली सूची में मुख्यमंत्री भगवंत मान को भी जगह दी गई है। वह धुरी विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में उतरेंगे। इसके अलावा बटाला से शैरी कलसी, अजनाला से कुलदीप धालीवाल, तरनतारन से हरमीत सिंह संधू, अमृतसर साउथ से डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर, खेमकरण से सरवण सिंह धुन, नकोदर से इंदरजीत कौर मान, करतारपुर से बलकार सिंह, दसूहा से करमबीर सिंह घुमन और उड़मुड़ से जसवीर सिंह राजा गिल को उम्मीदवार बनाया गया है।
पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के आवास पर आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री भगवंत मान, पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन और जैस्मीन शाह मौजूद रहे। वहीं, वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा और प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए। शनिवार सुबह PAC की एक अन्य बैठक भी आयोजित की गई।
बैठकों में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों और संभावित प्रत्याशियों के नामों पर विचार-विमर्श किया गया। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि उम्मीदवारों का चयन सर्वे और जनता से मिले फीडबैक के आधार पर किया गया है।
मान ने कहा कि आम आदमी पार्टी अपने पांच साल के कार्यकाल और पंजाब में किए गए विकास कार्यों को लेकर जनता के बीच जाएगी। पार्टी सकारात्मक राजनीति के रास्ते पर चलते हुए अपने कामकाज का हिसाब देगी और उसी आधार पर लोगों से वोट मांगेगी।
शिअद और भाजपा दोनों जीरो, साथ आने पर भी नतीजा जीरो : भगवंत मान
बैठक के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शिरोमणि अकाली दल (शिअद) और भाजपा के बीच संभावित गठबंधन को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जीरो में जीरो जोड़ने या घटाने से परिणाम जीरो ही रहता है। उनके मुताबिक, शिअद और भाजपा दोनों जीरो हैं और अगर दोनों दल गठबंधन करते हैं, तब भी चुनाव में नतीजा शून्य ही होगा।
मान ने तंज कसते हुए सवाल किया कि अगर दोनों पार्टियां साथ आती हैं तो क्या नशामुक्त पंजाब के मुद्दे पर भाजपा नेता अमित शाह और अकाली दल के नेता बिक्रम मजीठिया एक मंच पर नजर आएंगे?
विधानसभा क्षेत्रों में सेक्टर इंचार्ज नियुक्त करने की तैयारी
उम्मीदवारों के नाम घोषित करने के साथ ही आम आदमी पार्टी ने अपने चुनावी संगठन को मजबूत करने की योजना पर भी काम शुरू कर दिया है। इसके तहत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में छह-छह सेक्टर इंचार्ज नियुक्त करने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।
ये इंचार्ज सरकारी योजनाओं के लागू होने और पार्टी के कामकाज को लेकर लोगों से फीडबैक जुटाएंगे और उसे पार्टी नेतृत्व तक पहुंचाएंगे।
इसके अलावा, एक नवंबर से महिला मतदाताओं तक पहुंच बढ़ाने के लिए मावां-धीयां सत्कार योजना से जुड़ी महिला स्वयंसेविकाओं को सक्रिय किया जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.