भारत ने तीसरे टी-20 में न्यूजीलैंड को हराया, सीरीज में बनाई 3-0 की अजेय बढ़त

गुवाहाटी। अभिषेक शर्मा और कप्तान सूर्यकुमार यादव की विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर भारत ने रविवार को खेले गए तीसरे टी20 मैच में न्यूजीलैंड को आठ विकेट से करारी शिकस्त दी। 154 रन के लक्ष्य को टीम इंडिया ने 10 ओवर के भीतर ही हासिल कर लिया और पांच मैचों की सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली। यह भारत की टी20 क्रिकेट में लगातार 10वीं जीत भी रही।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को शुरुआती झटका लगा और पहली ही गेंद पर संजू सैमसन पवेलियन लौट गए। इसके बाद इशान किशन और अभिषेक शर्मा ने पारी को संभालते हुए आक्रामक अंदाज में रन जोड़े। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 53 रनों की तेज साझेदारी हुई। चौथे ओवर में ईश सोढ़ी ने इशान किशन को आउट कर इस जोड़ी को तोड़ा। इशान ने 13 गेंदों पर 28 रन बनाए, जिसमें तीन चौके और दो छक्के शामिल रहे।
इसके बाद अभिषेक शर्मा ने कप्तान सूर्यकुमार यादव के साथ मिलकर न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा। अभिषेक ने मात्र 14 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर भारत की ओर से दूसरा सबसे तेज टी20 अर्धशतक जड़ दिया। उन्होंने 20 गेंदों पर सात चौकों और पांच छक्कों की मदद से नाबाद 68 रन बनाए। वहीं सूर्यकुमार यादव ने 26 गेंदों में छह चौके और तीन छक्के लगाकर नाबाद 57 रन की पारी खेली। भारत ने 10 ओवर में ही दो विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
इससे पहले टॉस जीतकर भारत ने गेंदबाजी चुनी और अपने गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। न्यूजीलैंड की शुरुआत बेहद खराब रही और 34 रन तक उसके तीन बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे। डेवन कॉन्वे को हर्षित राणा, रचिन रविंद्र को हार्दिक पंड्या और टिम साइफर्ट को जसप्रीत बुमराह ने आउट किया।
ग्लेन फिलिप्स और मार्क चैपमैन ने चौथे विकेट के लिए 52 रन जोड़कर पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन 12वें ओवर में रवि बिश्नोई ने चैपमैन (32 रन) को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ दिया। इसके बाद न्यूजीलैंड की पारी फिर लड़खड़ा गई। डैरिल मिचेल, काइल जैमीसन और मैट हेनरी सस्ते में आउट हुए। कप्तान मिचेल सैंटनर ने अंत में 27 रन जोड़े, लेकिन टीम 20 ओवर में नौ विकेट पर 153 रन ही बना सकी।
भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने तीन विकेट झटके, जबकि रवि बिश्नोई और हार्दिक पंड्या को दो-दो सफलताएं मिलीं। हर्षित राणा ने भी एक विकेट अपने नाम किया। इस जीत के साथ भारत ने सीरीज पर लगभग कब्जा जमा लिया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.