जम्मू में एसओजी टीम पर गैंगस्टरों की फायरिंग, टक्कर मारकर भागे बदमाश

जम्मू के पॉश गांधीनगर इलाके में मंगलवार शाम उस समय हड़कंप मच गया जब पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) और कुख्यात गैंगस्टरों के बीच मुठभेड़ हो गई। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर हमला करते हुए फायरिंग की और एसओजी के वाहन को टक्कर मारकर मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, यह घटना करीब शाम 6 बजे ग्रीन बेल्ट पार्क और मिनी मार्केट क्षेत्र के पास हुई। पुलिस को खुफिया सूचना मिली थी कि 23 मई को फ्लायन मंडाल क्षेत्र में रिंग रोड पर दो भाइयों पर जानलेवा हमला करने वाला हैप्पी चौधरी उर्फ गुगली अपने कुछ साथियों के साथ गांधीनगर इलाके में मौजूद है। सूचना की पुष्टि के बाद एसओजी और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और इलाके को घेरने की कोशिश की।
घेराबंदी के दौरान फायरिंग
जैसे ही पुलिस ने बदमाशों को रोकने का प्रयास किया, उन्होंने एसओजी के वाहन को टक्कर मार दी और फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस टीम ने भी आत्मरक्षा में गोलियां चलाईं। इस दौरान कुछ राउंड फायरिंग हुई और एक गोली गैंगस्टरों की बलेनो कार के पिछले शीशे व टायर में जा लगी, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।
हालांकि, अंधेरे और अफरा-तफरी का फायदा उठाकर गैंगस्टर मौके से फरार होने में कामयाब रहे। माना जा रहा है कि हैप्पी चौधरी और उसके कुछ साथी इस वारदात में शामिल थे, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
इलाके में मचा अफरा-तफरी
अचानक हुई फायरिंग से मौके पर भगदड़ मच गई और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। इसी स्थिति का फायदा उठाकर बदमाश वहां से निकल गए। पुलिस ने भी तुरंत पीछा किया, लेकिन वे पकड़ में नहीं आए।
शहर में हाई अलर्ट
घटना के बाद जम्मू शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सभी प्रमुख प्रवेश और निकास मार्गों पर नाकेबंदी की गई है और संदिग्ध बलेनो कार की तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
पुलिस ने सभी थानों में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है और रिंग रोड सहित संवेदनशील इलाकों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
जांच जारी
गांधीनगर पुलिस स्टेशन में इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। एसपी साउथ वैभव मीणा भी मौके पर पहुंचे और स्थिति की समीक्षा करते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
पॉश इलाके में हुई इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है और पुलिस लगातार बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.