हरिद्वार में सूखी नदी में आया तेज बहाव, तीन कारें बहीं; जेसीबी से निकाले गए वाहन

HIGHLIGHTS
- पहाड़ों से आए पानी के कारण करीब आधे से एक घंटे की बारिश के बाद नदी में पानी बढ़ा।
- हादसे के समय किसी भी कार में कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
- कुंभ 2027 की तैयारियों के तहत पुल निर्माण स्थल के पास वाहन फंस गए थे।
हरिद्वार में बृहस्पतिवार को सूखी नदी में अचानक तेज बहाव आने से तीन कारें बह गईं। यह घटना करीब आधे से एक घंटे की बारिश के बाद पहाड़ों से आए पानी के कारण हुई। वाहन चालकों ने बिना खतरे का अनुमान लगाए अपनी कारें नदी के बहाव वाले क्षेत्र में खड़ी कर दी थीं। हालांकि, हादसे के समय किसी भी वाहन में कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था।
कुंभ 2027 की तैयारियों के तहत नदी के रपटे पर बनाए जा रहे पुल के निर्माण स्थल के पास ये कारें बहकर पहुंच गईं और निर्माण सामग्री व मशीनों के बीच फंस गईं। मौके पर मौजूद श्रमिकों ने पोकलैंड और जेसीबी मशीनों की सहायता से कारों को बाहर निकाला।
तकनीशियनों ने समय रहते मशीनों की मदद से वाहनों को रोका और चेन के सहारे उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। यह घटना बृहस्पतिवार सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है। उस समय वाहन चालक हरकी पैड़ी और मेला क्षेत्र में गए हुए थे।
वापस लौटने पर चालकों ने क्षतिग्रस्त वाहनों को गैराज और सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया। इनमें एक कार का नंबर देहरादून का था, जबकि दो वाहन अन्य राज्यों के बताए गए हैं। वाहन नंबरों के आधार पर मालिकों से संपर्क कर उन्हें घटना की जानकारी दी गई।
घटना के दौरान कुछ अन्य बड़े वाहन भी नदी क्षेत्र में खड़े थे, जिन्हें चालकों ने समय रहते बाहर निकाल लिया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.