जापान: टायर फैक्ट्री में चाकू और स्प्रे हमले में 15 घायल, आरोपी गिरफ्तार

जापान के मध्य हिस्से में शुक्रवार को एक टायर फैक्ट्री में चाकू से हमला और स्प्रे किए गए अज्ञात लिक्विड के कारण 15 लोग घायल हो गए। स्थानीय मीडिया के अनुसार, आठ लोग चाकू के वार से घायल हुए, जबकि सात अन्य ब्लीच या किसी अन्य रसायन के स्प्रे के कारण प्रभावित हुए।
क्योटो न्यूज एजेंसी ने बताया कि यह घटना टोक्यो के पश्चिम में शिज़ुओका प्रांत के मिशिमा शहर में हुई। पुलिस ने हत्या की कोशिश के आरोप में 38 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। जापानी अखबार असाही की रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी के पास सर्वाइवल चाकू था और उसने गैस मास्क पहना हुआ था।
शिज़ुओका के मिशिमा शहर के फायर डिपार्टमेंट के अधिकारी तोमोहारू सुगियामा ने AFP को बताया कि 14 घायलों को तुरंत इमरजेंसी सेवाओं द्वारा अस्पताल ले जाया गया। उन्होंने बताया कि फैक्ट्री से शाम 4:30 बजे सूचना मिली कि कई लोगों पर चाकू से हमला किया गया है और साथ ही किसी प्रकार का स्प्रे भी इस्तेमाल किया गया। यह फैक्ट्री योकोहामा रबर कंपनी चलाती है, जो ट्रकों और बसों के लिए टायर बनाती है।
जापान में बंदूक कानून कड़े हैं, लेकिन समय-समय पर चाकू और गोलीबारी के हमले होते रहते हैं। 2022 में पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की हत्या भी इसी तरह की हिंसा का उदाहरण है। अक्टूबर 2023 में जापान में एक व्यक्ति को चार लोगों की हत्या के लिए मृत्युदंड सुनाया गया था, जिसमें दो पुलिस अधिकारी भी शामिल थे। वहीं, मई में टोक्यो के टोडा-माए मेट्रो स्टेशन पर 43 वर्षीय व्यक्ति पर चाकू से हमला करने का आरोप लगा था।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.