JPSC की 14वीं PT समेत कई परीक्षाएं होंगी रद्द, हेमंत सोरेन ने विधानसभा में किया ऐलान

HIGHLIGHTS
- विधानसभा में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सरकार का पक्ष रखा।
- 2023 और 2025 में आयोजित JPSC परीक्षाएं भी रद्द करने की घोषणा।
- 11वीं और 13वीं JPSC परीक्षा की जांच कराने का फैसला।
रांची। झारखंड में JPSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को विधानसभा में बड़ा एलान किया। उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों के भविष्य को लेकर गंभीर है और JPSC PT तथा JSSC से संबंधित मामलों की जांच कराई जा रही है।
सदन में मुख्यमंत्री ने क्या-क्या घोषणा की?
मुख्यमंत्री ने विधानसभा में बताया कि 14वीं JPSC की प्रारंभिक परीक्षा (PT) सहित वर्ष 2023 और 2025 में JPSC की ओर से आयोजित परीक्षाओं को रद्द किया जाएगा। इसके अलावा 11वीं और 13वीं JPSC परीक्षा, FRO, APP और TDPL की ओर से आयोजित परीक्षाओं की भी जांच कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री के इस ऐलान के बाद JSSC CGL परीक्षा भी जांच के दायरे में आ गई है। दरअसल, JSSC CGL परीक्षा का आयोजन TDPL ने किया था। ऐसे में सरकार के फैसले को प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की व्यापक जांच के रूप में देखा जा रहा है।
विधानसभा में विपक्ष के हंगामे के बीच सरकार का पक्ष रखते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि परीक्षा व्यवस्था में बड़े स्तर पर सुधार की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सरकार प्रतियोगी परीक्षाओं के आयोजन और पूरी प्रक्रिया में सुधार के लिए बड़ा कदम उठाने जा रही है।
विशेषज्ञों से लिया जाएगा सुझाव
सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि परीक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए सरकार देश के प्रतिष्ठित संस्थानों से भी सलाह लेगी। इसके तहत IIT, IIM और XLRI समेत देश के प्रमुख शैक्षणिक एवं प्रबंधन संस्थानों के विशेषज्ञों के साथ विचार-विमर्श किया जाएगा।
मुख्यमंत्री की इस घोषणा को JPSC-JSSC परीक्षा विवाद के बीच सरकार की ओर से अब तक के बड़े फैसलों में से एक माना जा रहा है। इससे कई परीक्षाओं के अभ्यर्थियों में नई उम्मीद जगी है, वहीं रद्द की जाने वाली परीक्षाओं में शामिल अभ्यर्थियों के सामने आगे की प्रक्रिया और नई परीक्षा की तारीख को लेकर सवाल भी खड़े हो गए हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.