लुधियाना में दिनदहाड़े कबड्डी खिलाड़ी की गोली मारकर हत्या, इलाके में दहशत

लुधियाना। शहर के जगरांव इलाके में शुक्रवार दोपहर उस वक्त सनसनी फैल गई जब दिनदहाड़े एक कबड्डी खिलाड़ी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात हरि सिंह अस्पताल रोड पर हुई, जो एसएसपी कार्यालय से कुछ ही दूरी पर है। मृतक की पहचान गिद्दड़विंडी गांव निवासी 26 वर्षीय तेजपाल सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, तेजपाल सिंह अपने दो दोस्तों के साथ हरि सिंह रोड स्थित एक फैक्ट्री के पास गया था, जहां पुरानी रंजिश को लेकर उसका विवाद हो गया। झगड़े के दौरान आरोपियों ने उस पर सीने में गोली दाग दी और मौके से फरार हो गए। घायल तेजपाल को साथी तुरंत सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
यह घटना शुक्रवार दोपहर लगभग 3:15 बजे हुई। बताया जा रहा है कि आरोपी हरप्रीत सिंह उर्फ हनी और जोबनप्रीत सिंह उर्फ काला, दोनों दलजीत सिंह के पुत्र हैं और मृतक से उनकी पुरानी दुश्मनी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह दबिश दी जा रही है।
थाना सिटी जगरांव और सीआईए की टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.