पंजाब भाजपा ने घोषित की नई प्रदेश कार्यकारिणी, कई नेताओं को मिली बड़ी जिम्मेदारी

HIGHLIGHTS
- नई कार्यकारिणी में प्रदेश उपाध्यक्ष, महामंत्री, मंत्री और विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई है।
- भाजपा ने युवा, महिला, किसान, अनुसूचित जाति और ओबीसी मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष भी घोषित किए हैं।
- प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का लक्ष्य बताया है।
चंडीगढ़। पंजाब भाजपा ने रविवार को अपनी नई प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा कर दी। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की मंजूरी के बाद प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने नई टीम का गठन किया है। नई कार्यकारिणी में माझा, मालवा और दोआबा तीनों क्षेत्रों को जगह दी गई है। हालांकि, इसमें सबसे ज्यादा प्रतिनिधित्व मालवा क्षेत्र के नेताओं को मिला है।
इन नेताओं को मिली नई जिम्मेदारियां
प्रदेश उपाध्यक्ष पद पर सुरजीत कुमार ज्याणी, राकेश राठौर, सुभाष शर्मा, मनजीत सिंह राय, अश्वनी सेखड़ी, सुशील रिंकू, गेजा राम वाल्मीकि, तेजिंदर सिंह बिट्टू, जैस्मिन संधावालिया, जतिंदर मित्तल, रवि करण सिंह काहलों और रणजीत सिंह गिल को नियुक्त किया गया है।
प्रदेश महामंत्री की जिम्मेदारी अनिल सरीन, राजेश बाघा, परमिंदर सिंह बराड़, रजनीश धीमान और जीवन गर्ग को दी गई है। वहीं, प्रदेश मंत्री के रूप में मनजीत सिंह मन्ना, मंगत राय बंसल, राकेश शर्मा, सूरज भारद्वाज, वंदना सांगवाल, मीनू सेठी, रंजन कमरा, चरणजीत सिंह बराड़, कमलप्रीत कौर चौधरी, मीना तरनैच, अमरजीत सिंह अमरी और एकता नागपाल को शामिल किया गया है।
गुरदेव शर्मा (देबी) को प्रदेश कोषाध्यक्ष, सुखविंदर सिंह गोल्डी को सह-कोषाध्यक्ष, खुशवंत राय गीगा और संजीव खन्ना को प्रदेश प्रोटोकॉल सचिव बनाया गया है। इसके अलावा सुखविंदर सिंह परमार को प्रदेश कार्यालय सचिव, कंवर इंद्रजीत सिंह को प्रदेश आईटी संयोजक और अजय अरोड़ा को प्रदेश सोशल मीडिया संयोजक नियुक्त किया गया है।
मोर्चों और मीडिया विभाग में भी नियुक्तियां
भाजपा के विभिन्न मोर्चों में अनुज खोसला को युवा मोर्चा, जय इंदर कौर को महिला मोर्चा, लखविंदर सिंह को किसान मोर्चा, शीतल अंगुराल को अनुसूचित जाति मोर्चा और शिवराज चौधरी को ओबीसी मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है।
मीडिया विभाग में एसएस चन्नी को मुख्य प्रवक्ता, विनीत जोशी को स्टेट मीडिया प्रमुख तथा प्रीतपाल सिंह बलियावाल और परमपाल कौर सिद्धू को प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।
बिक्रमजीत सिंह चीमा को प्रदेश सेल समन्वयक बनाया गया है, जबकि हरविंदर सिंह संधू, भानु प्रताप सिंह और कंवरवीर सिंह तोहरा को प्रदेश सेल सह-समन्वयक नियुक्त किया गया है।
नई टीम में मालवा क्षेत्र को ज्यादा प्रतिनिधित्व
नई प्रदेश कार्यकारिणी में मालवा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व सबसे अधिक नजर आ रहा है। फाजिल्का, लुधियाना, मोहाली, फिरोजपुर, मानसा, संगरूर, पटियाला, बठिंडा और फतेहगढ़ साहिब से बड़ी संख्या में नेताओं को जिम्मेदारियां दी गई हैं।
वहीं, माझा क्षेत्र से अमृतसर, गुरदासपुर और बटाला तथा दोआबा क्षेत्र से जालंधर, कपूरथला और होशियारपुर के नेताओं को भी महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है। राजनीतिक जानकार इसे विधानसभा चुनाव से पहले तीनों क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करने की रणनीति के तौर पर देख रहे हैं।
प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि नई टीम संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और पार्टी की नीतियों को प्रदेश के हर वर्ग तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.