इंडी गठबंधन की रैली से दूरी पड़ी भारी, यूथ कांग्रेस के 185 सदस्य निलंबित

HIGHLIGHTS
- इंडियन यूथ कांग्रेस ने रैली में अनुपस्थित रहने पर 7 राज्यों के कम से कम 185 सदस्यों को निलंबित किया।
- अनुशासनात्मक समीक्षा पूरी होने के बाद निलंबित सदस्यों की संख्या 500 तक पहुंच सकती है।
- मध्य प्रदेश में सबसे ज्यादा 60 सदस्यों पर कार्रवाई हुई।
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में हाल ही में आयोजित विपक्षी इंडी गठबंधन की रैली में शामिल नहीं होने पर इंडियन यूथ कांग्रेस ने अपने 200 से अधिक सदस्यों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। संगठन ने इन सदस्यों को निलंबित कर दिया है। निलंबन से जुड़े पत्रों के अनुसार, अब तक सात राज्यों में कम से कम 185 सदस्यों को निलंबित किया जा चुका है। साथ ही, उनसे रैली में अनुपस्थित रहने का कारण भी पूछा गया है। सूत्रों का कहना है कि अनुशासनात्मक समीक्षा पूरी होने के बाद निलंबित सदस्यों की संख्या बढ़कर 500 तक हो सकती है। निलंबित सदस्यों ने कार्रवाई पर उठाए सवाल यूथ कांग्रेस के कुछ निलंबित सदस्यों ने इस कार्रवाई पर आश्चर्य जताया है। उनका कहना है कि पार्टी के लिए वर्षों तक काम करने के बावजूद केवल एक कार्यक्रम में शामिल नहीं होने के आधार पर उनके खिलाफ कार्रवाई कैसे की जा सकती है। यूथ कांग्रेस के महासचिव रोहित राजोरिया को भी बिना अपना पक्ष रखने का अवसर दिए पद से हटा दिया गया। इस पर उन्होंने कहा, "हमने पार्टी के लिए एफआईआर का सामना किया और जेल भी गए। क्या हमें सिर्फ एक कार्यक्रम में शामिल न हो पाने की वजह से हटाया जा रहा है?" चाचा की तेरवीं के कारण नहीं पहुंच सके थे दिल्ली रोहित राजोरिया ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की युवा इकाई मनमाने तरीके से काम कर रही है, जबकि उन्होंने संगठन के लिए 15 साल तक काम किया है। उन्होंने बताया कि पार्टी के विरोध प्रदर्शनों में शामिल होने के कारण उनके खिलाफ 15 एफआईआर दर्ज हुईं और उन्हें तीन से चार बार जेल भी जाना पड़ा। राजोरिया ने इस दौरान एक कार्ड भी दिखाया, जिसमें उनके दिवंगत चाचा की तेरवीं में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया था। उन्होंने बताया कि इस पारिवारिक शोक के बारे में पार्टी नेतृत्व को पहले ही जानकारी दे दी गई थी। साथ ही उन्होंने स्पष्ट कर दिया था कि 1 नवंबर को रामलीला मैदान में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की रैली में शामिल होने के लिए वह दिल्ली नहीं पहुंच सकेंगे। एक कार्यक्रम में शामिल नहीं होने पर तत्काल पद से हटाए जाने को लेकर राजोरिया ने सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में पार्टी सत्ता में वापसी की उम्मीद कैसे कर सकती है। किन राज्यों में कितने सदस्यों पर हुई कार्रवाई? इंडियन यूथ कांग्रेस की ओर से सबसे ज्यादा कार्रवाई मध्य प्रदेश में की गई है। यहां 60 सदस्यों को निलंबित किया गया है। इसके बाद गुजरात में 49 और पश्चिम बंगाल में 26 सदस्यों पर कार्रवाई हुई है। इसके अलावा तेलंगाना में 14, मध्य उत्तर प्रदेश में 13, कांग्रेस शासित हिमाचल प्रदेश में 13 और हरियाणा में 10 सदस्यों को निलंबित किया गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.