मुजफ्फरनगर में दिवाली पर बदलेगा ट्रैफिक रूट, 5 से 11 नवंबर तक शिव चौक पर वाहनों की एंट्री बंद

HIGHLIGHTS
- मुजफ्फरनगर में दिवाली के मद्देनजर विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है।
- यातायात व्यवस्था 5 से 11 नवंबर तक प्रभावी रहेगी।
- रोजाना सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक प्रतिबंध लागू रहेंगे।
मुजफ्फरनगर में दिवाली के मद्देनजर बाजारों में खरीदारी के लिए निकलने से पहले ट्रैफिक व्यवस्था की जानकारी जरूर कर लें। त्योहार के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने शहर के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। इसके तहत शिव चौक और आसपास के प्रमुख रास्तों पर ई-रिक्शा और चार पहिया वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
यातायात पुलिस की ओर से लागू की गई यह व्यवस्था 5 से 11 नवंबर तक प्रतिदिन सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक प्रभावी रहेगी।
इन रास्तों से होकर निकलेंगे वाहन
यातायात विभाग के जारी प्लान के अनुसार, मालवीय चौक से शिव चौक की ओर जाने वाले वाहन चर्च रोड के सामने स्थित फायर स्टेशन से मूलचंद स्वीट्स और आलू मंडी होते हुए मीनाक्षी चौक की तरफ जा सकेंगे। इस रास्ते पर ई-रिक्शा को केवल फायर स्टेशन तक ही जाने की अनुमति होगी।
वहीं, नगर पालिका परिषद के गेट से शिव चौक की ओर ई-रिक्शा का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। मीनाक्षी चौक, लोहा मंडी कट और नावेल्टी चौक से शिव चौक की दिशा में भी ई-रिक्शा नहीं चल सकेंगी।
इसी तरह हनुमान चौक से भगत सिंह रोड होते हुए शिव चौक की तरफ चार पहिया वाहनों और ई-रिक्शा के प्रवेश पर रोक रहेगी। प्रकाश चौक से आने वाली ई-रिक्शा भी फायर सर्विस स्टेशन तक ही जा सकेंगी।
चर्च रोड पर लागू रहेगी वन-वे व्यवस्था
चर्च रोड पर जिला परिषद मार्केट के सामने से फायर स्टेशन, झांसी की रानी होते हुए नगर पालिका तक वन-वे व्यवस्था लागू की गई है।
यातायात पुलिस ने आम लोगों से निर्धारित मार्गों का पालन करने और अपने वाहनों को तय स्थानों पर ही पार्क करने की अपील की है। पुलिस के मुताबिक, इस व्यवस्था से बाजारों में जाम की समस्या को कम करने और त्योहार के दौरान यातायात सुचारु बनाए रखने में मदद मिलेगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.