JPSC धांधली मामले में CID की बड़ी कार्रवाई, हजारीबाग से दो भाई गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- सीआईडी टीम ने पौता गांव में सुबह करीब छह बजे कार्रवाई शुरू की थी।
- तलाशी के दौरान बैंक चेक, एडमिट कार्ड और अन्य वित्तीय दस्तावेज मिलने की जानकारी सामने आई।
- जांच एजेंसी कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है।
हजारीबाग। झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) परीक्षा में कथित अनियमितता और धांधली की जांच अब तेज कर दी गई है। इसी क्रम में आपराधिक अनुसंधान विभाग (CID) की विशेष टीम ने सोमवार सुबह हजारीबाग जिले में कई जगहों पर छापेमारी की।
इस कार्रवाई के दौरान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पौता गांव से दो सगे भाइयों लालू यादव और प्रदीप यादव को हिरासत में लिया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हिरासत में लिए गए दोनों भाइयों में से एक का चयन जेपीएससी परीक्षा के जरिए हुआ था, जबकि दूसरे पर प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित सेटिंग और फर्जीवाड़ा करने वाले नेटवर्क से जुड़े होने का संदेह है।
सीआईडी ने दोनों भाइयों से की पूछताछ
सोमवार सुबह करीब छह बजे सीआईडी की टीम स्थानीय पुलिस बल के साथ पौता गांव पहुंची और प्रदीप यादव के घर पर छापेमारी की। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए मुफस्सिल, लोहसिंहना, कोर्रा और सदर थाना की पुलिस भी मौके पर तैनात रही।
सीआईडी अधिकारियों ने करीब पांच घंटे तक घर की तलाशी ली और दोनों भाइयों से पूछताछ की। इसके बाद जांच का दायरा बढ़ाते हुए टीम बड़कागांव क्षेत्र के कुछ अन्य संदिग्ध ठिकानों पर भी पहुंची।
छापेमारी के दौरान सीआईडी को कई अहम दस्तावेज मिलने की जानकारी सामने आई है। इनमें करोड़ों रुपये के बैंक चेक, उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा से जुड़े कई अभ्यर्थियों के मूल प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) और अन्य वित्तीय दस्तावेज शामिल हैं।
जांच एजेंसी को आशंका है कि इन दस्तावेजों के आधार पर प्रतियोगी परीक्षाओं में अभ्यर्थियों को अवैध तरीके से सफलता दिलाने के नाम पर बड़े स्तर पर आर्थिक लेन-देन किया गया।
पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी सीआईडी
फिलहाल दोनों हिरासत में लिए गए व्यक्तियों से एक गोपनीय स्थान पर पूछताछ की जा रही है। सीआईडी बरामद दस्तावेजों और बैंक चेक के आधार पर कथित नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में लगी हुई है।
अधिकारियों का मानना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले से जुड़े अन्य बिचौलियों, अभ्यर्थियों और प्रभावशाली लोगों के नाम भी सामने आ सकते हैं।
सीआईडी की जांच का दायरा राज्यभर में लगातार बढ़ाया जा रहा है। आने वाले दिनों में इस मामले में और कार्रवाई होने की संभावना जताई जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.