यूपी में जापानी कंपनियों का बड़ा निवेश, 3195 करोड़ की परियोजनाओं की हुई ग्राउंड ब्रेकिंग

HIGHLIGHTS
- यीडा के सेक्टर-10 में एस्कॉर्ट्स कुबोटा लगाएगी विनिर्माण इकाई
- एस्कॉर्ट्स कुबोटा परियोजना में 2029 करोड़ रुपये का निवेश करेगी
- मिंडा कॉरपोरेशन यीडा में दो बड़े विनिर्माण प्रोजेक्ट स्थापित करेगी
यूपी: जापान की कंपनियां उत्तर प्रदेश में 3000 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश करेंगी। यूपी-जापान निवेश सम्मेलन 2026 के दौरान एस्कॉर्ट्स कुबोटा लि. और मिंडा कॉरपोरेशन लि. के 3195 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट की वर्चुअल ग्राउंड ब्रेकिंग की गई। यीडा क्षेत्र में स्थापित होने वाली इन परियोजनाओं से 10 हजार से अधिक रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद है।
सम्मेलन के दौरान प्रमुख कंपनियों के सीईओ और बिजनेस लीडर्स के साथ हुई गोलमेज बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यूपी में निवेश के लिए हर संभव सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि निवेशकों को प्रशिक्षित और सक्षम मानव संसाधन उपलब्ध कराया जाएगा।
एस्कॉर्ट्स कुबोटा यीडा के सेक्टर-10 में 2029 करोड़ रुपये का निवेश कर ट्रैक्टर और उपकरण संबंधी उत्पादों का निर्माण करेगी। वहीं, मिंडा कॉरपोरेशन यीडा में दो बड़े विनिर्माण प्रोजेक्ट स्थापित कर रही है। कंपनी इन परियोजनाओं में कुल 1166 करोड़ रुपये का निवेश करेगी।
यूपी बना निवेश का ड्रीम डेस्टिनेशन : योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी-जापान निवेश सम्मेलन के दौरान प्रमुख कंपनियों के सीईओ और बिजनेस लीडर्स के साथ हुई राउंड टेबल बैठक में निवेशकों से यूपी आने और यहां अपनी औद्योगिक एवं कारोबारी गतिविधियों का विस्तार करने का आह्वान किया।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि निवेशकों के सुझावों और अपेक्षाओं पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और व्यावहारिक समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बदलते औद्योगिक परिदृश्य के अनुसार इंफ्रास्ट्रक्चर, कनेक्टिविटी, स्किल्ड मैनपावर और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को लगातार मजबूत किया जा रहा है। इसका सीधा लाभ प्रदेश में निवेश करने वाली कंपनियों को मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं रहती, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारने में विश्वास करती है। पिछले नौ वर्षों में प्रदेश में हुए बदलाव को निवेशक खुद देख सकते हैं। कानून-व्यवस्था और निवेश के लिए तैयार नीतियों से आए बदलाव ने उत्तर प्रदेश की नई तस्वीर पेश की है।
जापान-यूपी साझेदारी विश्वास और विकास का नया अध्याय : अश्विनी वैष्णव
केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि भारत और जापान के संबंध लंबे समय से विश्वास पर आधारित रहे हैं। उत्तर प्रदेश और जापान के बीच बढ़ती साझेदारी इस विश्वास को और मजबूत करेगी।
केंद्रीय मंत्री ने इस पहल के लिए योगी आदित्यनाथ को धन्यवाद देते हुए कहा कि जापान के उद्योग जगत के लिए उत्तर प्रदेश में तेजी से अवसर खुल रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत की मौजूदा आर्थिक वृद्धि में सोशल, डिजिटल और फिजिकल इंफ्रास्ट्रक्चर में निवेश, समावेशी विकास, मैन्युफैक्चरिंग एवं इनोवेशन और कानूनों तथा नियमों का सरलीकरण प्रमुख हैं।
अश्विनी वैष्णव ने कहा कि भारत पिछले कुछ वर्षों से लगभग 6 से 8 प्रतिशत की सतत आर्थिक वृद्धि के दौर में है। उन्होंने जापान के उद्योग जगत से भारत और विशेष रूप से उत्तर प्रदेश में निवेश करने का आह्वान किया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.