शाहरुख खान के ‘मन्नत’ में दिखे नाग-नागिन, 8 फीट का धामन रेस्क्यू; मादा की तलाश जारी

HIGHLIGHTS
- CCTV फुटेज में दोनों सांप एक साथ नजर आए।
- रेस्क्यू किए गए सांप की पहचान धामन के रूप में हुई।
- करीब आठ फीट लंबे नर सांप को सीढ़ी के नीचे से पकड़ा गया।
शाहरुख खान के बांद्रा स्थित बंगले ‘मन्नत’ में नाग पंचमी के दिन दो सांप दिखाई देने से हड़कंप मच गया। दोनों सांप बंगले के लॉन में नजर आए थे, जिसके बाद रेस्क्यू टीम को इसकी सूचना दी गई। इनमें से करीब आठ फीट लंबे एक नर सांप को रेस्क्यू कर लिया गया है, जबकि दूसरे यानी मादा सांप की तलाश अभी जारी है।
मामले में सामने आई जानकारी के मुताबिक, CCTV फुटेज में नाग-नागिन की जोड़ी साथ दिखाई दी थी। जिस समय यह घटना हुई, उस वक्त गौरी खान भी ‘मन्नत’ में मौजूद थीं।
CCTV फुटेज में दिखे दो सांप
स्नेक रेस्क्यूअर विक्की दुबे ने बताया कि उन्हें सोमवार 17 अगस्त की शाम करीब आठ बजे ‘मन्नत’ से फोन आया था। इसके बाद बंगले में लगे CCTV कैमरों की जांच की गई, जिसमें एक नहीं बल्कि दो सांप दिखाई दिए।
रेस्क्यू टीम ने इसके बाद परिसर में सांपों की तलाश शुरू की। करीब आधे घंटे से एक घंटे के दौरान मादा सांप अंदर की तरफ चली गई, जबकि नर सांप लाइट में आकर बैठ गया। CCTV के जरिए उस पर नजर रखी गई और बाद में उसे सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया।
सीढ़ी के नीचे मिला आठ फीट लंबा धामन
रेस्क्यू किए गए सांप की पहचान धामन के रूप में हुई है, जिसे इंडियन रैट स्नेक भी कहा जाता है। करीब आठ फीट लंबे इस सांप को बंगले के परिसर में एक सीढ़ी के नीचे से सुरक्षित निकाला गया।
धामन सांप जहरीला नहीं होता। रेस्क्यू करने के बाद उसे जंगल में छोड़ दिया गया।
नर सांप मिला, मादा की तलाश जारी
विक्की दुबे के मुताबिक, CCTV में नर और मादा दोनों सांप एक साथ दिखाई दिए थे। हालांकि, रेस्क्यू के दौरान केवल नर सांप ही मिला। मादा सांप अंदर की ओर चली गई थी और अभी तक उसका पता नहीं चल पाया है।
रेस्क्यू टीम ने सुबह भी मादा सांप को तलाशने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं मिली। जरूरत पड़ने पर टीम दोबारा ‘मन्नत’ पहुंचकर उसकी तलाश करेगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.