देहरादून में दर्दनाक सड़क हादसा, हरियाणा के 4 पर्यटकों की मौत; 3 घायल

HIGHLIGHTS
- हरियाणा से सात लोग देहरादून और हरिद्वार घूमने आए थे
- टपकेश्वर मंदिर से दर्शन कर वापस लौट रहे थे सभी
- चालक को हाईवे पर कई बार नींद की झपकी आने की बात सामने आई
देहरादून। हरियाणा से आए पर्यटक देहरादून के टपकेश्वर मंदिर में दर्शन करने के बाद लौट रहे थे। इसी दौरान माता मणिमाई मंदिर लच्छीवाला हाईवे पर उनका वाहन सड़क किनारे खड़ी यूटिलिटी से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हुए हैं।
प्रभारी निरीक्षक राकेश गुसाईं ने बताया कि घायल विपेंद्र सिंह ने पुलिस को जानकारी दी कि हरियाणा से सात लोग बीते मंगलवार को हरिद्वार आए थे। हरिद्वार घूमने के बाद बुधवार सुबह वे देहरादून स्थित टपकेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए गए थे। दर्शन करने के बाद उन्हें हरिद्वार होते हुए वापस हरियाणा लौटना था।
जंगल में हाईवे के पास वाहन चालक सोमपाल को नींद आने लगी थी। उसे कई बार टोका भी गया। इससे पहले कि वह संभल पाता, उनका वाहन सड़क किनारे खड़ी यूटिलिटी से टकरा गया। प्रभारी निरीक्षक के अनुसार, पुलिस को मौके पर क्षतिग्रस्त वाहन के एयरबैग खुले मिले। वहीं, यूटिलिटी वाहन हाईवे पर करीब 25-30 मीटर दूर डिवाइडर से टकराया था।
एक हादसा, तीन अस्पताल और चार मौतें
माता मणिमाई मंदिर लच्छीवाला देहरादून हाईवे पर हादसे के बाद पुलिस और आपातकालीन वाहनों की टीमों ने राहत अभियान चलाया। गंभीर घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भेजा गया। उपचार के दौरान तीन अलग-अलग अस्पतालों में चार लोगों की मौत हो गई।
विनोद को कैलाश अस्पताल, चालक सोमपाल को कोरोनेशन अस्पताल और नरेश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोईवाला में मृत घोषित किया गया। हादसे में चार लोगों की मौत और तीन लोग घायल हुए हैं। प्रभारी निरीक्षक राकेश गुसांई ने बताया कि मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
नींद की झपकी को बताया जा रहा हादसे का कारण
चालक को आई नींद की झपकी से हरियाणा के चार परिवारों में मातम पसर गया। सड़क हादसे में घायल विपेंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि हाईवे पर चालक को कई बार झपकी आ रही थी। सभी ने उसे टोका और संभलकर वाहन चलाने के लिए कहा, लेकिन वह वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि इको वैन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके एयरबैग खुल गए।
तेज रफ्तार भी बन रही हादसों की वजह
कुआंवाला से लच्छीवाला टोल प्लाजा तक वाहन तेज रफ्तार से दौड़ते नजर आते हैं। ऐसे में थोड़ी सी चूक भी हादसे का कारण बन रही है। बुधवार को हुए सड़क हादसे में नींद की झपकी और वाहन की तेज रफ्तार ने चार लोगों की जान ले ली।
कुआंवाला से माजरी ग्रांट तक हाईवे व्यवस्थित होने के कारण वाहन तेज गति से चलते हैं। टोल रोड को हाईवे प्रशासन बेहतर रखता है, ताकि लोगों को दिक्कत न हो। लेकिन तेज रफ्तार वाहन कई बार डिवाइडर पर अनियंत्रित होकर चढ़ जाते हैं और दुर्घटनाग्रस्त हो जाते हैं।
इनकी गई जान
हादसे में नरेश (42) पुत्र महावीर निवासी टिकट वाली गली, रेलवे रोड, रोहतक, विनोद (40) पुत्र रमेश निवासी आर्य नगर, रोहतक और सोमपाल पुत्र लालाराम निवासी वार्ड नंबर पांच, रोहतक की मौत हो गई। एक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।
कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती घायल
विपेंद्र सिंह (35) पुत्र रामबरन सिंह और लाला (35) पुत्र राम भरोसे निवासी काठमंडी, टेक नगर, रोहतक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। एक घायल की पहचान नहीं हो पाई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.