मोरबी-कच्छ हाईवे हादसा, एक बच्चे सहित 4 की दर्दनाक मौत

मोरबी (गुजरात)। मोरबी–कच्छ हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में एक बच्चे सहित चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ जब एक परिवार कच्छ स्थित माता मध मंदिर के दर्शन कर लौट रहा था।
जानकारी के अनुसार, हादसा मालीया तालुका के हरिपर गांव के पास हुआ। इको-कार में सवार परिवार मूल रूप से गिर सोमनाथ का रहने वाला है और वर्तमान में दीव में रह रहा था।
टायर फटने से हुआ दर्दनाक हादसा
बताया जा रहा है कि वाहन का टायर अचानक फट गया, जिससे चालक का संतुलन बिगड़ गया और कार डिवाइडर से टकराकर दूसरी लेन में चली गई। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई, जिससे इको-कार पलट गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
चार की मौके पर मौत, दो घायल
इस दर्दनाक हादसे में कार में सवार छह लोगों में से चार की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान भरतकुमार वीरजीभाई बांभणिया, कंचनबेन वीरजीभाई बांभणिया, मनोज लक्ष्मणभाई कपाड़िया और जीवांशु मनोज कपाड़िया के रूप में हुई है।
घायलों में 35 वर्षीय जागृतिबेन मनोजभाई कपाड़िया और उनकी 12 वर्षीय बेटी वैदर्शी शामिल हैं, जिन्हें गंभीर हालत में नजदीकी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हाईवे पर लगा लंबा जाम
हादसे के बाद मोरबी–कच्छ हाईवे पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। सूचना मिलते ही मालीया तालुका पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.