मुजफ्फरनगर: युवक की संदिग्ध मौत के बाद माही मेडिकल सेंटर सील

मुजफ्फरनगर। जानसठ क्षेत्र में एक 32 वर्षीय युवक की संदिग्ध मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक निजी मेडिकल सेंटर को सील कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर विस्तृत जांच की, जिसमें कई अनियमितताएं सामने आईं।
उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय कुमार के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जानसठ स्थित माही मेडिकल सेंटर पर छापा मारा। जांच के दौरान पाया गया कि यह सेंटर आयुष विभाग में पंजीकृत था, लेकिन मौके पर पंजीकृत चिकित्सक अनुपस्थित थे। इसके साथ ही यह भी सामने आया कि ऑपरेशन थिएटर पहले से सील होने के बावजूद सेंटर में गतिविधियां जारी थीं।

टीम ने अस्पताल के दस्तावेजों, उपचार व्यवस्था और संचालन प्रक्रिया की बारीकी से जांच की, जिसमें कई नियमों के उल्लंघन की पुष्टि हुई। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल प्रभाव से माही मेडिकल सेंटर को सील कर दिया और संचालक को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच के आधार पर आगे नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय कुमार ने कहा कि जिले में अवैध और नियमों के विपरीत संचालित अस्पतालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.