मुजफ्फरनगर: DJ कांवड़ को रोकने पर हुआ हंगामा, नाप सही मिलने के बाद मिली एंट्री

HIGHLIGHTS
- रामपुर तिराहा पर पुलिस ने गाइडलाइन के तहत डीजे कांवड़ की जांच की।
- श्रद्धालुओं ने बिना माप किए रोकने पर आपत्ति जताई थी।
- मौके पर 12×10 फीट के मानक से डीजे की जांच कराई गई।
मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा के दौरान बुधवार शाम करीब 7:30 बजे रामपुर तिराहा पर हंगामा हो गया। पुलिस ने डीजे कांवड़ को ओवर हाइट होने की आशंका के चलते शहर में प्रवेश करने से रोक दिया। बिना नाप किए डीजे रोके जाने को लेकर शिवभक्तों और पुलिस के बीच नोकझोंक हुई।
प्रशासन की ओर से जारी गाइडलाइन के अनुसार, शहर में केवल 12 फीट ऊंचाई और 10 फीट चौड़ाई तक के डीजे को ही प्रवेश की अनुमति है। इसी मानक के आधार पर पुलिस सभी डीजे की जांच कर रही है। शिवभक्तों का कहना था कि उनके डीजे को केवल आशंका के आधार पर रोक दिया गया, जबकि उसकी ऊंचाई की जांच नहीं की गई थी।
श्रद्धालुओं ने की आगे जाने देने की अपील
वायरल वीडियो में श्रद्धालु पुलिसकर्मियों से हाथ जोड़कर डीजे को आगे जाने देने की अपील करते दिखाई दे रहे हैं। कुछ श्रद्धालु पुलिसकर्मियों के पैर पकड़ने की कोशिश करते हुए भी नजर आए।
वहीं पुलिसकर्मियों ने भी हाथ जोड़कर श्रद्धालुओं से सहयोग करने और शासन की गाइडलाइन का पालन करने की अपील की। इस दौरान काफी देर तक मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
नाप के बाद मानकों के अनुरूप मिला डीजे
शिवभक्तों का दावा था कि उनका डीजे पहले से ही शासन की तय गाइडलाइन के अनुसार तैयार कराया गया है। उन्होंने बताया कि डीजे की ऊंचाई 12 फीट और चौड़ाई 10 फीट ही है।
विरोध बढ़ने के बाद पुलिस ने निर्धारित 12×10 फीट के मापदंड वाला विशेष डंडा मौके पर मंगवाया और डीजे की जांच की।
जांच के दौरान डीजे निर्धारित मानकों के अनुसार पाया गया। नाप सही मिलने के बाद पुलिस ने उसे शहर में प्रवेश की अनुमति दे दी, जिसके बाद कांवड़ यात्रा आगे बढ़ सकी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.