मुजफ्फरनगर: करोड़ों की साइबर ठगी करने वाले गिरोह का सदस्य आकिब अली गिरफ्तार

मुजफ्फरनगर। साइबर थाना पुलिस ने एक करोड़ रुपये से अधिक की ऑनलाइन ठगी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने साइबर फ्रॉड गिरोह के सक्रिय सदस्य मोहम्मद आकिब अली को दबोचा है, जो पहले से गिरफ्तार आरोपी अब्दुल कादिर का सहयोगी बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, आकिब अली को उस समय गिरफ्तार किया गया जब वह जेल में बंद अपने साथी अब्दुल कादिर से मिलने पहुंचा था। मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने उसे हिरासत में ले लिया। आरोपी मूल रूप से ओडिशा का रहने वाला है और फिलहाल अलीगढ़ में रह रहा था। उसके पास से दो मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, नौ एटीएम कार्ड, तीन चेकबुक, 24 चेक और नकदी बरामद की गई है।

जांच में सामने आया है कि यह गिरोह फेसबुक पर ‘गीतिका कपूर उर्फ जीजी’ नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाकर लोगों से संपर्क करता था। इसके बाद उन्हें ऑनलाइन ट्रेडिंग और निवेश में भारी मुनाफे का लालच देकर रकम अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर करवाई जाती थी। इसी तरीके से पीड़ितों से करीब 1.01 करोड़ रुपये की ठगी की गई। गिरोह ने फर्जी वेबसाइट DGXC के जरिए नकली मुनाफा दिखाकर लोगों को अपने जाल में फंसाया।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह अपने भाई, बहनोई फुजैल उर्फ फैजूल और अन्य साथियों के साथ मिलकर इस साइबर फ्रॉड नेटवर्क को संचालित कर रहा था। यह गैंग देहरादून के एक फ्लैट से काम करता था और वहां से आने वाले पैसों को विभिन्न खातों और एटीएम के जरिए निकाला जाता था।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, इस गिरोह से जुड़े खातों पर देश के 13 राज्यों से 21 शिकायतें दर्ज हैं, जिनमें करीब 58 लाख रुपये की ठगी का विवरण मिला है। अब तक लगभग 23 लाख रुपये फ्रीज कर पीड़ितों को वापस दिलाने की प्रक्रिया जारी है।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में साइबर क्राइम थाना पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.