नागपुर में लव ट्रायंगल का खूनी अंत, कुख्यात अपराधी की चाकू मारकर हत्या; दोस्त गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- मृतक के खिलाफ 9 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे।
- गौरव रगड़े करीब दो सप्ताह पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आया था।
- विवाद के बाद रगड़े ने आरोपी के घर पर पथराव और तोड़फोड़ की।
मुंबई। नागपुर के नरेंद्र नगर स्थित सुंदरबन इलाके में प्रेम प्रसंग को लेकर हुए विवाद में 27 वर्षीय कुख्यात अपराधी गौरव पंकज रगड़े की उसके दोस्त गौरव रामभाऊ राउत और उसके साथी अभिषेक वासनिक ने चाकू मारकर हत्या कर दी।
मृतक के खिलाफ चर्चित गमछू हत्याकांड, डकैती समेत 9 से अधिक गंभीर मामले दर्ज थे। वह करीब दो सप्ताह पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आया था।
हंगामे के बाद पीछा कर हत्या
गुरुवार दोपहर रानी, गौरव राउत के घर पर दोस्तों के साथ पार्टी कर रही थी। इसकी जानकारी मिलने पर शराब के नशे में रगड़े वहां पहुंचा। दरवाजा बंद मिलने पर उसने पथराव और तोड़फोड़ शुरू कर दी।
जान बचाने के लिए राउत और उसके साथी पिछले दरवाजे से भाग निकले, लेकिन रगड़े ने उनका पीछा किया। सुंदरबन नाले के पास पुलिया पर दोनों पक्षों के बीच हिंसक झड़प हुई, जिसमें रगड़े गिर गया। इसी दौरान राउत और उसके साथी वासनिक ने रगड़े का ही चाकू छीन लिया और उस पर कई वार किए। इसके बाद दोनों उसे घायल अवस्था में छोड़कर फरार हो गए।
1.5 किलोमीटर पीछा कर पुलिस ने पकड़ा
घटना के दौरान लोगों के शोर मचाने पर गश्त कर रहे अजनी थाने के पुलिसकर्मी मनीष भालमे और नरेश सावंकर मौके पर पहुंचे। सावंकर घटनास्थल पर रुक गए, जबकि कांस्टेबल भालमे ने करीब 1.5 किलोमीटर तक पीछा कर मुख्य आरोपी गौरव राउत को पकड़ लिया। पुलिस ने उसके पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद किया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रभारी पुलिस आयुक्त ऋषिकेश सिंगारेगी, अतिरिक्त आयुक्त राजेंद्र डहाके, वसंत परदेशी और एसीपी नरेंद्र हिवारे समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।
शुरुआती विवाद अजनी थाना क्षेत्र में शुरू हुआ था, जबकि हत्या बेलतरोड़ी थाना क्षेत्र में हुई। इसके चलते कुछ समय तक क्षेत्राधिकार को लेकर असमंजस की स्थिति रही। बाद में बेलतरोड़ी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने रगड़े को मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले में अन्य सहयोगियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
लव ट्रायंगल की कहानी
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गौरव रगड़े का मुंबई निवासी रानी (बदला हुआ नाम) के साथ पिछले दो वर्षों से प्रेम संबंध था। रगड़े के जेल में रहने के दौरान रानी की नजदीकियां कलम निवासी गौरव राउत से बढ़ गईं।
अपराध की दुनिया से दूर होने की कोशिश में रानी ने नरेंद्र नगर में राउत के साथ मिलकर क्लाउड किचन का काम शुरू किया और दोनों किराए के मकान में साथ रहने लगे। जेल से बाहर आने के बाद रगड़े को जब इसकी जानकारी हुई तो वह काफी नाराज हो गया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.