केरल में नई सरकार का गठन, मंत्रियों के विभागों का हुआ बंटवारा

केरल में नई सरकार के गठन के बाद मंत्रियों के विभागों का औपचारिक बंटवारा जारी कर दिया गया है। लोक भवन की ओर से जारी सूची के अनुसार मुख्यमंत्री वीडी सतीशन सरकार में कई अहम विभागों की जिम्मेदारी खुद संभालेंगे।
मुख्यमंत्री सतीशन को वित्त, कानून, सामान्य प्रशासन और बंदरगाह सहित कुल 35 महत्वपूर्ण विभागों का प्रभार दिया गया है। सरकार में उनकी भूमिका को सबसे प्रभावशाली माना जा रहा है, क्योंकि वही राज्य की नीतिगत दिशा और प्रशासनिक फैसलों की निगरानी करेंगे।
वरिष्ठ नेताओं को अहम जिम्मेदारियां
कैबिनेट में वरिष्ठ कांग्रेस नेता रमेश चेन्निथला को गृह और विजिलेंस सहित पांच महत्वपूर्ण विभागों का जिम्मा सौंपा गया है। वहीं इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के वरिष्ठ नेता पीके कुन्हालीकुट्टी को उद्योग, सूचना प्रौद्योगिकी और कपड़ा समेत सात विभाग दिए गए हैं। वे राज्य के औद्योगिक विकास और डिजिटल परियोजनाओं की देखरेख करेंगे।
शिक्षा, स्वास्थ्य और ऊर्जा पर फोकस
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सन्नी जोसेफ को बिजली और पर्यावरण मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है। के मुरलीधरन को स्वास्थ्य और देवस्वम विभाग सौंपा गया है।
इसके अलावा रोजी एम जॉन को उच्च शिक्षा विभाग और एन. शमसुद्दीन को सामान्य शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। एपी अनिल कुमार को भूमि और राजस्व विभाग का प्रभार दिया गया है, जो भूमि सुधार और राजस्व प्रशासन से जुड़े मामलों को देखेंगे।
चुनाव में UDF की बड़ी जीत
गौरतलब है कि हाल ही में हुए केरल विधानसभा चुनाव में कांग्रेस नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) ने बड़ी जीत हासिल की थी। 140 सदस्यीय विधानसभा में UDF ने 102 सीटें जीतीं, जिसमें कांग्रेस ने अकेले 63 सीटों पर कब्जा किया।
इस जीत के साथ राज्य में पिछले 10 वर्षों से सत्ता में रही एलडीएफ सरकार का अंत हो गया। कांग्रेस नेता वीडी सतीशन ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इस बदलाव को राज्य में बेरोजगारी और आर्थिक मुद्दों को लेकर जनता के जनादेश के रूप में देखा जा रहा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.