राहुल गांधी ने उदय भानु चिब की गिरफ्तारी को बताया तानाशाही

नई दिल्ली: इंडियन यूथ कांग्रेस (IYC) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब की गिरफ्तारी पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कड़ा ऐतराज जताया है। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई सरकार की तानाशाही प्रवृत्ति और डर का सबूत है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि शांतिपूर्ण विरोध भारत की ऐतिहासिक विरासत है और हर भारतीय का लोकतांत्रिक अधिकार है।
राहुल गांधी ने अपने बयान में कहा, “मैं अपने युवा कांग्रेस के निडर साथियों पर गर्व महसूस करता हूँ, जिन्होंने देश के हित में आवाज उठाई। अमेरिका के साथ हुए हालिया ट्रेड डील में भारत के किसानों और टेक्सटाइल उद्योग को नुकसान होगा और हमारे डेटा को अमेरिका के हाथों में सौंपा जा रहा है।”
यह विवाद भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान हुआ, जब इंडियन यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने 'शर्टलेस प्रोटेस्ट' किया। इस प्रदर्शन के बाद दिल्ली पुलिस ने उदय भानु चिब समेत आठ कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी गिरफ्तारी का विरोध किया। राहुल गांधी ने कहा कि युवाओं की गिरफ्तारी सच को सामने लाने की सच्चाई को दबाने का प्रयास है। उन्होंने लिखा, “सत्ता को सच का आईना दिखाना अपराध नहीं, बल्कि देशभक्ति है। डरो मत—सच और संविधान हमारे साथ हैं।”
समाचार एजेंसी आईएएनएस के अनुसार, दिल्ली पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि प्रदर्शन के पीछे कितनी संगठित योजना थी। इससे पहले सोमवार को जितेंद्र यादव, राजा गुर्जर, अजय कुमार और अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस ने प्रदर्शन के बाद सार्वजनिक शांति भंग करने समेत कई धाराओं में मामला दर्ज किया था। अब तक इस मामले में कुल आठ गिरफ्तारियां हो चुकी हैं, जिनमें यूथ कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब भी शामिल हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.