आध्यात्मिक यात्रा पर निकले रजनीकांत, ऋषिकेश में गंगा तट पर किया ध्यान

मुंबई। साउथ सिनेमा के सुपरस्टार रजनीकांत ने फिल्मों की व्यस्त दिनचर्या से कुछ समय का विराम लेकर आध्यात्मिक यात्रा शुरू की है। इस समय वे हिमालय की गोद में सादगी और शांति का अनुभव कर रहे हैं। इस यात्रा के दौरान उनकी कुछ तस्वीरें सामने आई हैं, जिनमें वे पत्तल पर भोजन करते नजर आ रहे हैं। सादगी भरे जीवन के लिए मशहूर रजनीकांत का यह रूप एक बार फिर उनके प्रशंसकों का दिल जीत रहा है।
रविवार सुबह अभिनेता अपने दोस्तों के साथ ऋषिकेश पहुंचे, जहां उन्होंने मुनि की रेती स्थित स्वामी दयानंद आश्रम का दौरा किया। रजनीकांत ने आश्रम में स्वामी दयानंद सरस्वती की समाधि पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने कुछ समय ध्यान लगाया और गंगा घाट पर आयोजित गंगा आरती में भी हिस्सा लिया।
इस यात्रा के दौरान सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीरों में रजनीकांत को साधारण कपड़ों में सड़क किनारे पत्तल पर परोसे गए भोजन का आनंद लेते देखा जा सकता है। वहीं एक अन्य तस्वीर में वे आश्रम के लोगों से बातचीत करते और उनका हालचाल पूछते नजर आए।
फैंस सोशल मीडिया पर रजनीकांत के इस सरल और विनम्र अंदाज की जमकर तारीफ कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि सुपरस्टार होने के बावजूद वे हमेशा ज़मीन से जुड़े रहे हैं।
वर्क फ्रंट की बात करें तो रजनीकांत हाल ही में फिल्म ‘कुली’ में दिखाई दिए थे। अब वे अपनी अगली फिल्म ‘जेलर 2’ की तैयारी में जुटे हैं, हालांकि फिलहाल उन्होंने पूरी तरह से खुद को आध्यात्मिकता में समर्पित कर दिया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.