आरा में क्षत्रीय कल्याण संगठन के अध्यक्ष रामकुमार सिंह की गोली मारकर हत्या

HIGHLIGHTS
- आरा के महाराजा हाता-स्टेशन रोड पर जैन कॉलेज के पास हुई वारदात।
- 70 वर्षीय रामकुमार सिंह कस्टम इंस्पेक्टर पद से सेवानिवृत्त थे।
- परिजनों ने भूमि विवाद को हत्या की वजह बताते हुए नामजद लोगों पर आरोप लगाया।
आरा। भोजपुर जिले के आरा शहर में गुरुवार सुबह हथियारबंद अपराधियों ने क्षत्रीय कल्याण संगठन के अध्यक्ष रामकुमार सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात नवादा थाना क्षेत्र के महाराजा हाता-स्टेशन रोड पर जैन कॉलेज के पास हुई। मृतक के शरीर पर सात से आठ जगह गोलियां लगने के निशान मिले हैं। घटनास्थल से पांच से छह खोखे भी बरामद किए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, 70 वर्षीय रामकुमार सिंह गुरुवार सुबह अपने घर से टहलने के लिए निकले थे। इसी दौरान जैन कॉलेज के पास हथियारबंद अपराधियों ने उन पर लगातार गोलियां चलाईं। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद स्थानीय लोग उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कस्टम इंस्पेक्टर के पद से सेवानिवृत्त हुए थे रामकुमार सिंह
रामकुमार सिंह मूल रूप से भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र के झौंवा डुमरिया गांव के रहने वाले थे। वर्तमान में वह महाराजा हाता इलाके में निवास कर रहे थे। वह कस्टम इंस्पेक्टर के पद से सेवानिवृत्त हुए थे।
क्षत्रीय कल्याण संगठन की स्थापना के समय से ही वह अध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा रहे थे। उनकी हत्या की खबर मिलने के बाद परिचितों और संगठन से जुड़े लोगों में शोक का माहौल है।
सुबह-सुबह हुई इस हत्या की वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। रामकुमार सिंह की हत्या किस वजह से की गई और इसमें कौन-कौन शामिल था, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना की जानकारी मिलने के बाद सदर एसडीओ-1 सुशील कुमार, नवादा थानाध्यक्ष कुमार रजनीकांत और डीआईयू की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल पर जांच शुरू कर दी है। स्वजन से पूछताछ कर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए सुराग जुटाए जा रहे हैं। वहीं, एफएसएल की टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र कर रही है।
भूमि विवाद में नामजद लोगों पर हत्या का आरोप
मृतक के पुत्र रमेश कुमार और पत्नी सुशीला देवी ने हत्या के पीछे भूमि विवाद को वजह बताया है। स्वजन ने इस मामले में कुछ नामजद लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पहले भी धमकी दी गई थी।
पुलिस स्वजन से पूछताछ और शुरुआती जांच के आधार पर मामले की पड़ताल कर रही है। हालांकि, हत्या की वजह और लगाए गए आरोपों की सत्यता की जांच की जा रही है।
हत्या की जांच के लिए घटनास्थल पहुंचे एसपी, स्वजन से पूछताछ
हत्या की सूचना मिलने के बाद भोजपुर एसपी अवधेश दीक्षित महाराजा हाता के कनकपुरी मोहल्ले स्थित घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मृतक के पुत्र राजेश कुमार और पत्नी सुशीला देवी से पूछताछ कर घटना की जानकारी ली।
एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए विभिन्न बिंदुओं पर जांच-पड़ताल की। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.