रविकिशन से बहस के बाद चर्चा में आए BJP पार्षद ने की अखिलेश यादव से मुलाकात, बोले- जल्द लूंगा सपा की सदस्यता

HIGHLIGHTS
- मुलाकात के दौरान 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा हुई।
- विश्वजीत ने दो-चार दिन में सपा की औपचारिक सदस्यता लेने की बात कही।
- जलभराव के मुद्दे पर सांसद रविकिशन के साथ उनकी तीखी बहस का ऑडियो पहले भी चर्चा में रहा था।
गोरखपुर। भाजपा पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी 'सोनू' की सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात की तस्वीर गुरुवार को सामने आने के बाद गोरखपुर के राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। कुछ दिन पहले शहर में जलभराव के मुद्दे पर सांसद रविकिशन के साथ उनकी तीखी बहस का ऑडियो प्रसारित हुआ था। इसमें रविकिशन उन्हें यह कहते सुनाई दिए थे, 'पार्षद जी... सपा ज्वाइन कर लिए क्या?' इसके बाद दोनों के बीच तीखी बहस हुई थी।
इस ऑडियो के सामने आने के बाद भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने मामले का संज्ञान लेते हुए विश्वजीत त्रिपाठी को दिल्ली बुलाकर मिलने के लिए कहा था। अब अखिलेश यादव को बुके देते हुए उनकी तस्वीर सामने आने से एक बार फिर सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं।
हालांकि, विश्वजीत त्रिपाठी फिलहाल भाजपा में हैं, लेकिन उनके सपा में शामिल होने की अटकलें जोर पकड़ रही हैं। तस्वीर को लेकर पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि बुधवार को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से उनकी मुलाकात हुई थी, जिसकी फोटो गुरुवार को प्रसारित हुई। इस दौरान 2027 की तैयारी को लेकर बातचीत हुई। उन्होंने कहा कि दो-चार दिन में वह आधिकारिक रूप से सपा की सदस्यता भी ले लेंगे।
बहस के बाद से अलग नजर आने लगी थी राजनीतिक राह
बेतियाहाता वार्ड के पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी की सांसद रविकिशन के साथ बहस के बाद से ही पार्टी लाइन से अलग गतिविधियां चर्चा में रही हैं। कुछ दिन पहले सपा के शिक्षक एमएलसी प्रत्याशी डॉ. संजयन त्रिपाठी के चुनाव कार्यालय में बैठे हुए उनकी तस्वीर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुई थी। इसके बाद उनके सपा में शामिल होने की अटकलें और तेज हो गई थीं।
विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी की भी चर्चा
सांसद और पार्षद के बीच हुई बहस के बाद विश्वजीत त्रिपाठी की राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को लेकर भी चर्चाएं शुरू हो गई थीं। इंटरनेट मीडिया पर उन्हें सपा की ओर से सहजनवा विधानसभा क्षेत्र का संभावित दावेदार माना जाने लगा था। अब बुधवार को अखिलेश यादव से हुई मुलाकात की तस्वीर सामने आने के बाद इन अटकलों को और बल मिला है।
सपा से पहले भी जुड़ा रहा है नाता
विश्वजीत त्रिपाठी पहले समाजवादी पार्टी से जुड़े रहे हैं। वह सपा की प्रबुद्ध सभा के जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। बेतियाहाता वार्ड से उन्होंने दो बार सपा के टिकट पर पार्षद का चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। इस बार चुनाव जीतने के बाद वह भाजपा में शामिल हो गए थे और फिलहाल भाजपा पार्षद हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.