पश्चिमी यूपी में तेज हवाओं के साथ बारिश, मुजफ्फरनगर में सबसे ज्यादा बरसे बादल

HIGHLIGHTS
- मुजफ्फरनगर में 28.4 मिमी बारिश दर्ज की गई।
- हवा की सामान्य रफ्तार 40–50 किमी प्रति घंटा रही।
- हवा के झोंके 70 किमी प्रति घंटे तक पहुंचे।
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बृहस्पतिवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई। एनसीआर से सटे इलाकों में भी मौसम में बदलाव देखने को मिला। इस दौरान हवाओं की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा रही, जबकि हवा के झोंकों की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई। पूर्वांचल के कुछ हिस्सों में भी हल्की बारिश दर्ज की गई।
बारिश के आंकड़ों के अनुसार, मुजफ्फरनगर में सबसे अधिक 28.4 मिमी वर्षा हुई। इसके अलावा मेरठ में 15.9 मिमी, नजीबाबाद में 8.4 मिमी, अलीगढ़ में 7.8 मिमी और आगरा में 6.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, शुक्रवार तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश जारी रहने की संभावना है। कुछ जिलों में हल्के ओले भी गिर सकते हैं। वहीं, 17 अक्तूबर के बाद प्रदेश में मौसम के फिर से शुष्क होने का अनुमान है।
प्रयागराज में सबसे अधिक, हरदोई में सबसे कम तापमान
बृहस्पतिवार को प्रयागराज प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दूसरी ओर, हरदोई में न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहा, जो प्रदेश में सबसे कम था।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.