रीवा में मूसलाधार बारिश से हाहाकार, 187 मिमी बारिश से 400 से ज्यादा गांव प्रभावित

HIGHLIGHTS
- रीवा में 24 घंटे में 187 मिमी बारिश दर्ज हुई
- मानसून सीजन में अब तक 426.8 मिमी बारिश
- बीहर नदी के सभी 18 गेट खोले गए
भोपाल। रीवा जिले में पिछले 24 घंटों के दौरान हुई मूसलाधार बारिश ने एक दशक पुराने विनाशकारी हालात की याद ताजा कर दी है। जिले में सवा सात इंच से अधिक यानी 187 मिमी बारिश दर्ज होने से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है।
लगातार हो रही बारिश के चलते जिले की कई प्रमुख नदियां और नाले उफान पर हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ शहरी बस्तियों में भी गंभीर जलभराव की स्थिति बन गई है। जिले में इस मानसून सत्र में अब तक कुल 426.8 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है।
प्रमुख जलप्रपात और बांधों के खुले गेट
तेज जल आवक को देखते हुए बाणसागर को छोड़कर क्षेत्र के लगभग सभी छोटे-बड़े जलाशय भर चुके हैं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बीहर नदी के सभी 18 गेट खोल दिए गए हैं। इसके अलावा बकिया बराज के 14, मेजा के 5 और अंदवा बांध के 4 गेट खोलकर पानी की निकासी की जा रही है।
क्षेत्रवार बारिश की बात करें तो रायपुर कर्चुलियान, गुढ़ और त्योंथर में सबसे अधिक 120-120 मिमी बारिश हुई है। वहीं, मनगवां में 110 मिमी, हुजूर में 105 मिमी और सेमरिया में 85 मिमी वर्षा दर्ज की गई है।
तराई क्षेत्र में टमस नदी का जलस्तर पटेहरा में खतरे के निशान से करीब ढाई मीटर ऊपर पहुंच गया है। इसी तरह बेलन नदी और उसकी सहायक नदियां नैना और गोरमा भी खतरे के निशान को पार कर गई हैं। पिछले 24 घंटों में बेलन नदी के जलस्तर में साढ़े सात फीट की बढ़ोतरी दर्ज हुई है।
बड़े स्तर पर रेस्क्यू अभियान जारी
जलस्तर में अचानक हुई बढ़ोतरी के कारण तराई क्षेत्र की दो दर्जन से अधिक पंचायतों के 50 गांवों का सड़क संपर्क पूरी तरह टूट गया है। रीवा और पड़ोसी मऊगंज जिले के 400 से अधिक गांव प्राकृतिक आपदा की चपेट में हैं। कई कच्चे मकानों के ढहने की भी सूचना मिली है।
प्रशासनिक टीमों ने जलभराव वाले इलाकों में तत्काल मोर्चा संभालते हुए राहत कार्य शुरू कर दिया है। अब तक 136 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। वहीं, 2200 से अधिक प्रभावित लोगों को 27 सुरक्षित राहत शिविरों में ठहराया गया है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को लगातार सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।
अगले 5 दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान
लगातार बारिश और बिजली के खंभों को हुए नुकसान के कारण कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है। मौसम केंद्र ने चेतावनी दी है कि अगले पांच दिनों तक क्षेत्र में रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। ऐसे में प्रशासन और आपदा राहत टीमों के सामने जलभराव से निपटना बड़ी चुनौती बनी हुई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.