सहारनपुर: बड़गांव में आफत की रात; बिजली गिरने से मकान ढहा, चार घायल

सहारनपुर के बड़गांव क्षेत्र में मंगलवार रात दो अलग-अलग घटनाओं ने ग्रामीणों में दहशत फैला दी। चिराऊ और मौरा गांव में हुए इन हादसों में मकानों की छत गिरने और बिजली गिरने से कई लोग घायल हो गए, जबकि कुछ परिवारों का आशियाना पूरी तरह उजड़ गया।
पहली घटना चिराऊ गांव की है, जहां रामकुमार पुत्र संतराम के मकान पर अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। तेज धमाके के साथ बिजली गिरते ही मकान की छत और दीवारें भरभराकर गिर गईं। हादसे के समय घर में रखा पशुओं का चारा भी मलबे में दबकर खराब हो गया। गनीमत रही कि पास बंधे पशु समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया। घटना के बाद परिवार ने प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है।
वहीं दूसरी घटना मौरा गांव की है, जहां अल्का पत्नी आदेश के पुराने और जर्जर मकान की छत अचानक गिर गई। उस वक्त घर के अंदर सावित्री नाम की वृद्धा और तीन बच्चे मौजूद थे, जो मलबे में दबकर घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
छत गिरने के बाद घर पूरी तरह रहने लायक नहीं बचा है, जिसके चलते पीड़ित परिवार अब खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है। दोनों ही मामलों में ग्रामीणों ने प्रशासन से राहत और मुआवजे की मांग की है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.