यूरोप के कई न्यूज चैनलों को बम से उड़ाने की धमकी, पत्रकारों को कराया गया बाहर

HIGHLIGHTS
- यूरोप के कई न्यूज चैनलों को शुक्रवार को बम से उड़ाने की धमकी मिली।
- आरटीई, स्काई और बुल्गारिया के नोवा टीवी को धमकी भरे ईमेल भेजे गए।
- धमकी के बाद पत्रकारों को बाहर निकाला गया और प्रसारण रोकना पड़ा।
डबलिन। यूरोप के कई न्यूज चैनलों को शुक्रवार को बम विस्फोट की धमकियां मिलीं। धमकी भरे संदेशों में कहा गया कि समय तेजी से बीत रहा है। इन धमकियों के बाद पत्रकारों को सुरक्षित स्थानों पर भेजना पड़ा और चैनलों के कार्यक्रमों को बीच में ही रोकना पड़ा।
कंपनियों के अनुसार, ये धमकियां आयरलैंड के ब्रॉडकास्टर आरटीई, ब्रिटेन के स्काई, बुल्गारिया के निजी चैनल नोवा टीवी समेत अन्य संस्थानों को भेजी गई थीं। हालांकि, जांच के दौरान किसी भी प्रभावित स्थान पर बम नहीं मिला। आरटीई ने अपने नियमित कार्यक्रमों की जगह पहले से रिकॉर्ड किए गए कार्यक्रम प्रसारित किए। इसी बीच यूरोप के कई विमानों को भी बम से उड़ाने की नई धमकियां मिलीं।
ये धमकियां पिछले कुछ दिनों में सामने आईं कई फर्जी धमकियों की श्रृंखला का हिस्सा हैं। इनकी वजह से सर्बिया, फिनलैंड, स्पेन समेत कई देशों में हवाई यातायात प्रभावित हुआ। कई विमानों का मार्ग बदलना पड़ा, कुछ को आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी और सुरक्षा जांच भी की गई। हालांकि, अभी तक किसी भी मामले में विस्फोटक बरामद नहीं हुआ है। ये घटनाएं ऐसे समय में सामने आई हैं, जब सुपरमार्केट और ब्लड बैंक पर हुए साइबर हमलों सहित हैकिंग स्कैम को लेकर चिंताएं बढ़ रही हैं।
शुक्रवार को नोवा और आरटीई को मिले ईमेल में लिखा था, "हम चाहते हैं कि पूरी दुनिया हमारे बारे में जाने, इसलिए हमारे एक साथी ने आपकी इमारत में विस्फोटक रखा है। यह 45 मिनट में फट जाएगा। समय बीतता जा रहा है।"
इन धमकियों के पीछे किसका हाथ है, फिलहाल इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है। ईमेल के आखिर में मिखाइल एंड्रोपोव का नाम लिखा हुआ था। संदेश में दावा किया गया था कि ईमेल भेजने वाला उस समूह के नेताओं में से एक है, जो इस सप्ताह विमानों को लेकर दी गई धमकियों के लिए जिम्मेदार है। संदेश में आगे कहा गया, "यह तो बस शुरुआत है। इस हफ्ते जो हुआ, वह आने वाले समय में यूरोप के साथ जो होने वाला है, उसका छोटा सा हिस्सा भर है।"
ईमेल में इस्तेमाल किया गया उपनाम यूरी एंड्रोपोव से मिलता-जुलता है। यूरी एंड्रोपोव सोवियत संघ की कम्युनिस्ट पार्टी के पूर्व महासचिव थे। इसके अलावा, ईमेल का विषय "पश्चिम के लिए संदेश" भी एंड्रोपोव की जीवनी "पश्चिम के लिए नई चुनौती" के शीर्षक से मिलता है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.