कर्मभूमि एक्सप्रेस के 4 जनरल कोचों में लगी आग, राजपुरा के पास मची अफरा-तफरी

HIGHLIGHTS
- अमृतसर-न्यू जलपाईगुड़ी कर्मभूमि एक्सप्रेस के चार जनरल कोचों में लगी आग।
- शुक्रवार दोपहर राजपुरा के पास हुई घटना।
- ट्रेन नंबर 12508 साधुगढ़ रेलवे स्टेशन से दोपहर 12:58 बजे रवाना हुई थी।
अमृतसर। अमृतसर की तरफ जा रही कर्मभूमि एक्सप्रेस के चार जनरल कोचों में शुक्रवार दोपहर अचानक आग लग गई। डिब्बों से धुआं और आग की लपटें निकलती देख यात्रियों में दहशत फैल गई। ट्रेन के अंदर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
अपनी जान बचाने के लिए यात्री चलती ट्रेन से नीचे उतरने लगे। यह घटना राजपुरा के पास हुई। सूचना मिलने पर रेलवे कर्मचारी, पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, घटना में अभी तक किसी के हताहत होने या घायल होने की जानकारी नहीं मिली है।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि ट्रेन नंबर 12508 अमृतसर-न्यू जलपाईगुड़ी कर्मभूमि एक्सप्रेस शुक्रवार दोपहर 12:58 बजे फतेहगढ़ साहिब जिले के साधुगढ़ रेलवे स्टेशन से रवाना हुई थी। इसके कुछ समय बाद राजपुरा के नजदीक ट्रेन के जनरल कोचों में आग लग गई। देखते ही देखते चार जनरल कोच आग की चपेट में आ गए।
जानकारी के अनुसार, इंजन से पांचवें स्थान पर मौजूद कोच नंबर 265287GS में सबसे पहले आग लगी। इसके बाद धुआं और आग की लपटें तेजी से आसपास के डिब्बों तक फैलने लगीं। इस घटना के बाद ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
धुआं फैलते ही जान बचाने के लिए ट्रेन से उतरे यात्री
कोचों में आग लगने और धुआं भरने के बाद यात्रियों को संभलने का मौका नहीं मिला। डिब्बों के अंदर धुआं फैलने लगा तो लोग अपना सामान छोड़कर बाहर निकलने लगे। कई यात्रियों ने अपनी जान बचाने के लिए ट्रेन से नीचे उतरना शुरू कर दिया।
अचानक हुई इस घटना से घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। रेलवे प्रशासन को जानकारी मिलने के बाद पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। इसके बाद आग बुझाने और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए अभियान चलाया गया।
अंबाला से रवाना की गई मेडिकल रिलीफ ट्रेन
आपात स्थिति को देखते हुए रेलवे ने अंबाला से दोपहर 1:20 बजे दुर्घटना राहत चिकित्सा ट्रेन रवाना की। इस ट्रेन में एक्सीडेंट रिलीफ मेडिकल इक्विपमेंट (ARME) मौजूद था, ताकि जरूरत पड़ने पर प्रभावित यात्रियों को तुरंत चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
आग लगने की वजह जानने के लिए जांच शुरू
फिलहाल कर्मभूमि एक्सप्रेस के चार जनरल कोचों में आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। रेलवे अधिकारियों ने घटना की जांच शुरू कर दी है। आग किन परिस्थितियों में लगी और इसकी शुरुआत किस कारण से हुई, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.