शेयर बाजार की कमजोर शुरुआत, सेंसेक्स 285 अंक टूटा; कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों का दिखा असर

HIGHLIGHTS
- सोमवार को शुरुआती कारोबार में बाजार में कमजोरी देखने को मिली।
- सेंसेक्स 284.85 अंक गिरकर 77,717.05 पर पहुंचा।
- निफ्टी 69.25 अंक फिसलकर 24,297.05 पर आ गया।
मुंबई। सोमवार को शुरुआती कारोबार में भारतीय शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट देखने को मिली। कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक तनाव का असर बाजार पर नजर आया। निवेशकों की सतर्कता के बीच बाजार कमजोर रहा।
तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 284.85 अंक गिरकर 77,717.05 पर पहुंच गया। वहीं, पचास शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 69.25 अंक की गिरावट के साथ 24,297.05 पर आ गया। शुरुआती कारोबार में रुपया भी डॉलर के मुकाबले 10 पैसे कमजोर होकर 95.52 के स्तर पर पहुंच गया।
सेंसेक्स में शामिल प्रमुख शेयरों में इन्फोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा, हिंदुस्तान यूनिलीवर और भारतीय स्टेट बैंक में सबसे अधिक गिरावट रही। दूसरी ओर भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और टाइटन के शेयरों में तेजी दर्ज की गई। वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 0.43 फीसदी बढ़कर 88.86 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।
भारतीय बाजार के लिए आगे क्या उम्मीद है?
एनरिच मनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पोनमुडी आर ने कहा कि भारतीय इक्विटी बाजार के सतर्क रुख के साथ सीमित दायरे में रहने की उम्मीद है। मध्य पूर्व में जारी भू-राजनीतिक तनाव से निवेशकों की जोखिम लेने की प्रवृत्ति प्रभावित हो रही है।
एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 508.12 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे थे। शुक्रवार को सेंसेक्स 70.71 अंक यानी 0.09 फीसदी गिरकर 78,009.25 पर बंद हुआ था। वहीं, निफ्टी 29.85 अंक यानी 0.12 फीसदी की गिरावट के साथ 24,366 पर बंद हुआ था।






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.