फरीदपुर में सिंगर जेम्स के कार्यक्रम पर हमला, हालात बिगड़ने पर कॉन्सर्ट रद्द

बांग्लादेश में मौजूदा तनावपूर्ण हालात का असर अब सांस्कृतिक गतिविधियों पर भी साफ दिखने लगा है। मशहूर गायक जेम्स का प्रस्तावित कॉन्सर्ट सुरक्षा कारणों से रद कर दिया गया है। यह कार्यक्रम ढाका से करीब 120 किलोमीटर दूर फरीदपुर में आयोजित होना था, लेकिन कलाकारों और सांस्कृतिक संस्थानों को निशाना बनाए जाने की घटनाओं के बाद आयोजकों ने इसे स्थगित करने का फैसला लिया।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक स्कूल की वर्षगांठ के मौके पर शुक्रवार रात करीब नौ बजे संगीत कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान असामाजिक तत्वों ने आयोजन स्थल में घुसने की कोशिश की और वहां मौजूद लोगों पर ईंट-पत्थर फेंकने लगे। हमले का विरोध करने पर कई छात्रों को चोटें आईं। हालात बिगड़ते देख कार्यक्रम को तुरंत रद कर दिया गया। इस घटना में करीब 25 छात्रों के घायल होने की सूचना है।
तस्लीमा नसरीन ने जताई चिंता
इस पूरे मामले पर बांग्लादेश की प्रसिद्ध लेखिका तस्लीमा नसरीन ने गहरी चिंता जाहिर की है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर बताया कि सांस्कृतिक केंद्र छायानाट को नुकसान पहुंचाया गया है, वहीं संगीत, नृत्य और लोक संस्कृति को बढ़ावा देने वाले संगठन उदिची को भी आग के हवाले किया गया। तस्लीमा नसरीन के अनुसार, उग्रवादियों के दबाव के चलते लोकप्रिय गायक जेम्स को मंच पर उतरने का मौका तक नहीं मिल सका।
उन्होंने यह भी बताया कि कुछ दिन पहले मैहर घराने से जुड़े प्रसिद्ध कलाकार और उस्ताद अलाउद्दीन खान के पुत्र सिराज अली खान प्रस्तुति देने ढाका पहुंचे थे, लेकिन बिगड़ते सुरक्षा हालात को देखते हुए बिना कार्यक्रम किए ही भारत लौट गए। लौटते समय उन्होंने कहा था कि जब तक बांग्लादेश में कलाकारों और सांस्कृतिक संस्थानों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं होती, वे वहां प्रस्तुति देने नहीं आएंगे।
कौन हैं जेम्स
जेम्स बांग्लादेश के सबसे लोकप्रिय गायकों में शुमार किए जाते हैं। वे रॉक बैंड ‘नागर बाउल’ के प्रमुख गायक और गीतकार हैं और प्लेबैक सिंगिंग में भी अपनी खास पहचान बना चुके हैं। हिंदी सिनेमा में भी उनकी आवाज को खूब सराहा गया है। फिल्म गैंगस्टर का गीत ‘भीगी-भीगी’ और लाइफ इन ए मेट्रो का ‘अलविदा’ उनके चर्चित गानों में शामिल हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.