सिकंदराबाद में स्पा कर्मचारी की हत्या, पति ने चाकू से किया हमला

तेलंगाना के सिकंदराबाद स्थित कवाडीगुडा इलाके में मंगलवार को एक दर्दनाक वारदात सामने आई, जहां एक स्पा सेंटर में काम करने वाली 25 वर्षीय ब्यूटीशियन की उसके पति ने चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान हैदराबाद के बहादुरपुरा निवासी बांगी डोबोरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने पति से अलग रहकर स्पा में काम कर रही थी। आरोपी की पहचान 30 वर्षीय ऑटो चालक राजू के रूप में हुई है।
लंबे समय से चल रहा था दंपति में विवाद
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों के बीच पिछले काफी समय से वैवाहिक विवाद चल रहा था और वे करीब दो साल से अलग रह रहे थे। इनके बीच तलाक का मामला भी अदालत में लंबित था।
स्पा में घुसकर किया हमला, आरोपी फरार
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार को आरोपी राजू चाकू लेकर स्पा सेंटर में पहुंचा और वहां मौजूद लोगों के सामने पत्नी से झगड़ा करने लगा। विवाद बढ़ने पर उसने बांगी डोबोरा पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला मौके पर ही गिर पड़ी, जबकि आरोपी वारदात के बाद वहां से फरार हो गया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने उसे भागते हुए देखा और उसका वीडियो भी बनाया।
पुरानी रंजिश और शक की जांच
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रही अनबन और शक इस हत्या की वजह हो सकती है। दोनों के निजी विवादों और पारिवारिक झगड़ों की भी जांच की जा रही है।
पुराने मामले से भी जुड़ा है आरोपी
जानकारी के अनुसार, आरोपी राजू का नाम पहले भी 2016 में दर्ज एक अपहरण के मामले में सामने आ चुका है, जिसमें मृतका भी शामिल थी। उस समय पीड़िता नाबालिग थी। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.