गिरिडीह में वन महोत्सव के दौरान टूटा मंच, मंत्री समेत कई अतिथि गिरे

HIGHLIGHTS
- गिरिडीह में वन महोत्सव कार्यक्रम के दौरान अचानक मंच टूट गया।
- मंत्री सुदिव्य कुमार समेत कई अतिथि मंच से नीचे गिर गए, कोई घायल नहीं हुआ।
- हादसे के बाद कार्यक्रम को दोबारा शुरू कर आगे बढ़ाया गया।
गिरिडीह। झारखंड के गिरिडीह जिले के कल्याणडीह में आयोजित वन महोत्सव सह शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान शनिवार को बड़ा हादसा होते-होते बच गया। स्वागत समारोह के दौरान अचानक मंच का एक हिस्सा टूट गया और मंच नीचे धंस गया।
मंच पर मौजूद झारखंड के नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार, गिरिडीह की महापौर प्रमिला मेहरा, एसपी डॉ. बिमल कुमार, नगर आयुक्त विजय सिंह बिरुआ समेत अन्य अतिथि और अधिकारी अचानक नीचे गिर गए। मंच के धंसने के बाद कुछ देर के लिए कार्यक्रम स्थल पर अफरातफरी का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात रही कि इस घटना में किसी को चोट नहीं आई।
स्वागत के दौरान अचानक धंसा मंच
जानकारी के अनुसार, अतिथियों के मंच पर बैठने के बाद स्वागत कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान वन प्रमंडल पदाधिकारी मनीष तिवारी मंत्री सुदिव्य कुमार को पौधा देकर स्वागत करने पहुंचे। तभी अचानक मंच का एक हिस्सा टूट गया और पूरा मंच नीचे बैठ गया।
मंच पर मौजूद लोग अपना संतुलन खो बैठे, लेकिन उन्होंने किसी तरह खुद को संभाल लिया। हादसे के बाद भी कार्यक्रम को रोका नहीं गया। तुरंत टूटे हुए हिस्से पर कुर्सियों को व्यवस्थित किया गया और इसके बाद मंत्री सहित सभी अतिथि दोबारा मंच पर बैठे। फिर कार्यक्रम आगे जारी रखा गया।
जनता है जंगल की मालिक, वन विभाग चौकीदार- सुदिव्य कुमार
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि जंगल के साथ-साथ लोगों को खुद के महत्व को भी समझने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि जीवन के अस्तित्व के लिए पेड़-पौधे बेहद जरूरी हैं।
उन्होंने कहा कि जंगल के मालिक जनता हैं और वन विभाग चौकीदार की भूमिका में है। अगर मालिक ही इसकी रक्षा नहीं करना चाहेंगे तो चौकीदार भी इसे नहीं बचा सकता। उन्होंने कहा कि जंगल लोगों की संपत्ति है और इसकी सुरक्षा के लिए सभी को आगे आना होगा। जंगल सुरक्षित रहेगा तभी पर्यावरण का संरक्षण संभव होगा।
इस दौरान मंत्री ने हाथी के हमले से प्रभावित तीन लोगों को मुआवजे की राशि भी प्रदान की।
60 लाख पौधे लगाने की जानकारी दी गई
पूर्वी वन प्रमंडल पदाधिकारी मनीष तिवारी ने स्वागत भाषण में बताया कि इस वर्ष 60 लाख पौधे लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि नगर वन को सीसीएल के सहयोग से रॉक पार्क के रूप में विकसित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में नगर वन में करीब 35 प्रजातियों के पौधे लगाए गए हैं। रॉक पार्क बनने के बाद आसपास के लोगों को इसका काफी लाभ मिलेगा।
रॉक पार्क का किया गया शिलान्यास
इससे पहले मंत्री सुदिव्य कुमार ने नगर वन में बनने वाले रॉक पार्क का शिलान्यास किया। उन्होंने नगर वन परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। इस अवसर पर वन विभाग की ओर से लोगों के बीच पौधों का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में पहुंचे मंत्री और अन्य अतिथियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया।
ये रहे मौजूद
समारोह में पश्चिमी वन प्रमंडल पदाधिकारी अंकित कुमार, रेंजर एसके रवि, वार्ड पार्षद अनिल गुप्ता, तेलोडीह मुखिया शब्बीर आलम सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.