तेज भूकंप के झटकों से हिली जापान की धरती, कई लोग घायल

जापान के पश्चिमी प्रांतों में मंगलवार की सुबह भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए, जिससे कई लोग घायल हुए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार भूकंप की तीव्रता 6.4 मापी गई। सबसे अधिक प्रभाव शिमाने और तोत्तोरी प्रांतों में देखा गया। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (JMA) ने बताया कि भूकंप के बाद कई क्षेत्रों में झटके लगातार महसूस किए गए।
भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह 10:18 बजे शिमाने प्रांत के पूर्वी हिस्से में आया। इसकी गहराई लगभग 10 किलोमीटर थी। जापान के भूकंप पैमाने पर इसकी तीव्रता 7 में से उच्च स्तर 5 दर्ज की गई। भूकंप का केंद्र 35.3 डिग्री उत्तर अक्षांश और 133.2 डिग्री पूर्वी देशांतर पर स्थित था।
मुख्य झटके के बाद उसी क्षेत्र में दो और झटके आए। पहला झटका 10:28 बजे आया, जिसकी तीव्रता 5.1 थी, जबकि दूसरा झटका 10:37 बजे महसूस किया गया और इसकी तीव्रता 5.4 रही।
शिमाने प्रांत के मात्सुए शहर में भूकंप के दौरान गिरने और अन्य कारणों से चार लोग घायल हुए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। शहर में कई घरों की छतों को नुकसान पहुंचा। पड़ोसी तोत्तोरी प्रांत के साकाइमिनातो शहर में भी सड़कों में दरारें आई हैं।
भूकंप का असर अन्य क्षेत्रों तक भी देखा गया। हिरोशिमा प्रांत के फुकुयामा शहर में दो लोग घायल हुए। स्थानीय प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। JMA ने बाद में भूकंप की तीव्रता को 6.2 से बढ़ाकर 6.4 कर दिया। पश्चिमी तोत्तोरी प्रांत में लॉन्ग-पीरियड ग्राउंड मोशन का स्तर अधिकतम 4 तक दर्ज किया गया।
लॉन्ग-पीरियड ग्राउंड मोशन ऐसे झटके होते हैं जो धीरे-धीरे लेकिन लंबे समय तक चलते हैं। इससे खासकर ऊंची इमारतों की ऊपरी मंजिलों में हिलन ज्यादा महसूस होता है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.