सुनेत्रा पवार से प्रशांत किशोर की मुलाकात पर महाराष्ट्र में सियासी हलचल, BJP ने दी NCP को नसीहत

HIGHLIGHTS
- सुनेत्रा पवार और प्रशांत किशोर की मुलाकात के बाद महाराष्ट्र में राजनीतिक चर्चा तेज हुई।
- भाजपा नेता चंद्रशेखर बावनकुले ने गठबंधन में भरोसा बनाए रखने की सलाह दी।
- प्रशांत किशोर के मुंबई स्थित देवगिरि आवास पहुंचने को लेकर चर्चाएं शुरू हुईं।
मुंबई। महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर हलचल बढ़ गई है। इसकी वजह राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) की नेता और महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार की राजनीतिक रणनीतिकार प्रशांत किशोर से मुलाकात है। इस मुलाकात के बाद राज्य की सत्तारूढ़ महायुति सरकार में शामिल भाजपा ने एनसीपी को सतर्क रहने की सलाह दी है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता और महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने सुनेत्रा पवार को सलाह देते हुए कहा कि गठबंधन में ऐसा कोई कदम नहीं उठाया जाना चाहिए, जिससे सहयोगियों के बीच अविश्वास पैदा हो या गठबंधन कमजोर हो।
क्या है पूरा मामला?
प्रशांत किशोर हाल ही में बिहार में हुए एक उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार को हराने के बाद चर्चा में आए थे। इसके बाद उनका मुंबई स्थित सुनेत्रा पवार के सरकारी आवास 'देवगिरि' पहुंचना राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया।
एनसीपी के पार्टी पदाधिकारियों ने इस मुलाकात की पुष्टि की है, हालांकि दोनों नेताओं के बीच हुई बातचीत को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
गौर करने वाली बात यह भी है कि महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन के बाद प्रशांत किशोर और सुनेत्रा पवार की यह दूसरी मुलाकात बताई जा रही है। इससे पहले हुई मुलाकात के बाद उनके बेटे पार्थ पवार ने कहा था कि प्रशांत किशोर उनके परिवार के पुराने परिचित हैं।
मुलाकात पर भाजपा ने जताई चिंता
सुनेत्रा पवार और प्रशांत किशोर की मुलाकात इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि भाजपा ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी ने कहा कि यह किसी भी दल का आंतरिक विषय हो सकता है, लेकिन महायुति गठबंधन का हिस्सा रहते हुए ऐसे कदमों से बचना चाहिए, जिससे सहयोगी दलों के बीच संदेह की स्थिति बने।
भाजपा ने कहा कि गठबंधन में शामिल सभी दलों को महायुति की आचार संहिता का पालन करना चाहिए। साथ ही गठबंधन के अंदर आपसी विश्वास और एकजुटता बनाए रखने पर जोर दिया गया।
फिलहाल, सुनेत्रा पवार और प्रशांत किशोर की इस मुलाकात के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में नए समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। वहीं महायुति गठबंधन के भीतर भी इस घटनाक्रम को लेकर नजर रखी जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.