श्रीनगर के लाल चौक में दीपोत्सव की चमक, राम दरबार और देशभक्ति का संगम

श्रीनगर। कश्मीर का ऐतिहासिक लाल चौक, जो कभी भय और तनाव का प्रतीक रहा, इस दिवाली उत्सव में रोशनी और भव्य सजावट से जगमगा उठा। भगवान राम के अयोध्या आगमन की खुशी में हजारों दीयों से लाल चौक सजाया गया, वहीं वाहन में राम दरबार की स्थापना भी की गई। इस अनोखे दृश्य ने न केवल पर्यटकों बल्कि स्थानीय लोगों को भी आनंदित कर दिया। कई लोगों ने कहा कि यह दृश्य अयोध्या के दीपोत्सव जैसा भव्य और दिव्य प्रतीत हो रहा है।
दीपोत्सव से दो दिन पहले ही पूरे लाल चौक को गुलदाउदी के फूलों से सजाया गया। इसके साथ ही घंटाघर के नीचे दीपों से ‘जय भारत’ और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का संदेश लिखा गया, जो वीर जवानों के उत्साह और देशभक्ति की भावना को और मजबूत कर रहा था। शाम लगभग 6 बजे से आरती शुरू हुई और देर रात तक भगवान श्रीराम के भजनों के स्वर वातावरण में गूंजते रहे। यह कार्यक्रम ज्योतिर्मठ की ओर से आयोजित किया गया, जिसमें आयोजकों, स्थानीय लोगों और पर्यटकों ने मिलकर दीप जलाए।
ज्योतिर्मठ के एक संन्यासी ने बताया कि यह उनका दूसरी बार का आयोजन था। पिछले वर्ष कम संख्या में दीप जलाए गए थे, लेकिन इस बार संख्या काफी बढ़ाई गई। उन्होंने कहा कि अयोध्या के दीपोत्सव की भांति ही श्रीनगर में भी आयोजन किया गया है। उनका उद्देश्य कश्मीर में प्राचीन वैभव को पुनर्जीवित करना और लोगों के कल्याण के लिए इस प्रकार के सांस्कृतिक उत्सव मनाना है।
संन्यासी ने आगे कहा, “जहां कभी हिंसा और डर का माहौल था, आज वही लाल चौक दीपोत्सव की रौशनी से चमक उठा है। कश्मीर में बदलाव की बयार है और महर्षि कश्यप की पवित्र भूमि पर इस प्रकार के आयोजन इसी का संकेत हैं।”
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.