देहरादून में डेबिट कार्ड बदलकर ठगी करने वाले गिरोह के तीन लोग गिरफ्तार

देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने डेबिट कार्ड बदलकर ठगी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। झाझरा चौकी पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध कार को रोककर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके पास से 66 एटीएम/डेबिट कार्ड, तीन मोबाइल फोन और एक कार बरामद की गई है।
पुलिस के मुताबिक, 20 अप्रैल 2026 को क्षेत्र में नियमित चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सेलाकुई की ओर से एक सफेद रंग की कार में सवार कुछ लोग एटीएम कार्ड बदलकर ठगी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन (UP 14 FH 7340) को रोक लिया।
तलाशी लेने पर कार में सवार तीनों युवकों के पास विभिन्न बैंकों के कुल 66 एटीएम कार्ड मिले, जिससे पुलिस को शक और गहरा हो गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इमरान अली (गाजियाबाद), नसीरुद्दीन (दिल्ली) और मोहम्मद खालिद (गाजियाबाद) के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे एटीएम बूथों पर खासकर बुजुर्ग और अकेले लोगों को निशाना बनाते थे। मदद के बहाने उनका कार्ड बदल लेते और पिन हासिल कर खातों से पैसे निकाल लेते थे।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जा रहा है।
प्रेमनगर थाना प्रभारी नरेश राठौर ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि अब तक किन-किन जगहों पर इस तरह की वारदातें की गई हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.