जैसलमेर में दर्दनाक हादसा: ऊंट से टकराई सेना की SUV, मेजर हमजा आरिफ की मौत

HIGHLIGHTS
- हादसे के बाद सेना के जवानों ने मौके पर पहुंचकर तीनों अधिकारियों को बाहर निकाला।
- घायल दोनों लेफ्टिनेंट अधिकारियों का सैन्य अस्पताल में इलाज जारी है।
- पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई।
जयपुर। जैसलमेर मिलिट्री स्टेशन के पास गुरुवार देर रात हुए सड़क हादसे में भारतीय सेना के एक युवा मेजर की मौत हो गई, जबकि लेफ्टिनेंट रैंक के दो अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना जैसलमेर शहर से करीब 6 किलोमीटर दूर हुई, जब उनकी एसयूवी एक ऊंट से टकराकर अनियंत्रित हो गई। हादसे में ऊंट की भी मौके पर ही मौत हो गई।
अधिकारियों के अनुसार, सेना के तीनों अधिकारी अपनी निजी एसयूवी काले रंग की टाटा सफारी (नंबर GJ39CC1403) से शहर से जैसलमेर मिलिट्री स्टेशन लौट रहे थे। इसी दौरान वॉर म्यूजियम के पास अचानक एक ऊंट सड़क पर आ गया। वाहन की टक्कर ऊंट से हो गई, जिसके बाद एसयूवी बेकाबू होकर करीब पांच बार पलटी और रुकने से पहले लगभग 100 मीटर तक घिसटती चली गई।
एक महीने पहले ही हुई थी मेजर की शादी
हादसे की जानकारी मिलते ही सेना के जवान और अधिकारी मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त एसयूवी से तीनों अधिकारियों को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें तुरंत जैसलमेर मिलिट्री स्टेशन के सैन्य अस्पताल ले जाया गया।
इलाज के दौरान मध्य प्रदेश के इंदौर निवासी 30 वर्षीय मेजर हमजा आरिफ की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मेजर आरिफ की शादी करीब एक महीने पहले ही हुई थी।
हादसे में घायल लेफ्टिनेंट अभिनव राठौर और लेफ्टिनेंट आयुष्मान गुसाईं का सैन्य अस्पताल में इलाज जारी है। घटना के बाद जैसलमेर मिलिट्री स्टेशन में शोक का माहौल है।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
सदर पुलिस स्टेशन के एएसआई जगदीश चारण ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर सड़क किनारे मृत ऊंट और सेना की बाउंड्री वॉल के पास क्षतिग्रस्त एसयूवी मिली।
मेजर हमजा आरिफ के शव को जैसलमेर के जवाहर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
एक साल पहले भी इसी जगह हुआ था हादसा
गौरतलब है कि यह हादसा उसी स्थान पर हुआ है, जहां करीब एक साल पहले भी एक दर्दनाक दुर्घटना हुई थी। उस समय एक निजी बस में आग लगने से बस में फंसे 29 यात्रियों की जलकर मौत हो गई थी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.