पाकिस्तान के पंजाब में रेल हादसा, ट्रेन पटरी से उतरने से 5 लोगों की मौत

HIGHLIGHTS
- पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में सुबह करीब 5:15 बजे हुआ हादसा।
- कराची से पेशावर जा रही रहमान बाबा एक्सप्रेस पटरी से उतरी।
- घायलों को मुल्तान के निश्तर अस्पताल ले जाया गया।
इस्लामाबाद। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में एक पैसेंजर ट्रेन के पटरी से उतरने से बड़ा हादसा हो गया। दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए हैं। पाकिस्तान के जियो न्यूज ने यह जानकारी दी।
घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया
न्यूज एजेंसी AP ने पाकिस्तान रेलवे के प्रवक्ता कलीम अख्तर के हवाले से बताया कि कराची के दक्षिणी बंदरगाह शहर से उत्तर-पश्चिमी शहर पेशावर जा रही रहमान बाबा एक्सप्रेस पंजाब प्रांत के शेर शाह में पटरी से उतर गई।
हादसे में घायल लोगों को उपचार के लिए मुल्तान के निश्तर अस्पताल ले जाया गया। वहीं, बचाव दल दुर्घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है। जियो न्यूज के अनुसार, यह दुर्घटना सुबह करीब 5:15 बजे हुई।
राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने जताया दुख
पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने हादसे में हुई मौतों पर अलग-अलग बयान जारी कर दुख जताया। दोनों ने अधिकारियों को घायलों को हर संभव मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
पुराने ट्रैक और सिग्नलिंग सिस्टम से जूझ रहा पाकिस्तान
पाकिस्तान में रेल दुर्घटनाएं आम हैं। देश का रेलवे सिस्टम लंबे समय से कम निवेश, पुराने रेल ट्रैक और पुरानी सिग्नलिंग व्यवस्था जैसी समस्याओं का सामना कर रहा है।
इससे पहले 2023 में दक्षिणी पाकिस्तान में एक पैसेंजर ट्रेन के 10 डिब्बे पटरी से उतर गए थे। उस हादसे में 30 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 90 से अधिक लोग घायल हुए थे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.