अखनूर में महिला की जलकर मौत से बवाल, ससुराल पर हत्या का आरोप

जम्मू (अखनूर)। सुंगल क्षेत्र के परमाना तालाब इलाके में रविवार सुबह एक महिला की संदिग्ध हालात में जलकर मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाते हुए इसे हत्या करार दिया है।
मृतका की पहचान 40 वर्षीय पूनम कलसी पत्नी तरसेम कुमार, निवासी परमाना तालाब सुंगल के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 7:30 बजे वह आग की चपेट में आ गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। आग इतनी भीषण थी कि शव बुरी तरह झुलस गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
परिजनों के अनुसार पूनम की शादी लगभग सात वर्ष पहले हुई थी। उनका पति तरसेम कुमार नौकरी के सिलसिले में लेह में तैनात है और घटना के समय घर पर मौजूद नहीं था।
मायके पक्ष का आरोप, अस्पताल के बाहर प्रदर्शन
घटना के बाद बड़ी संख्या में मायके पक्ष के लोग एसडीएच अखनूर पहुंचे। परिजनों ने आरोप लगाया कि यह एक सुनियोजित हत्या है और इसके लिए ससुराल पक्ष जिम्मेदार है। उन्होंने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए अस्पताल के बाहर प्रदर्शन किया।
इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने अखनूर-ज्यौड़ियां मुख्य मार्ग को जाम कर दिया, जिससे यातायात बाधित हो गया। करीब एक घंटे तक चले इस विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली।
प्रशासन के आश्वासन के बाद खत्म हुआ प्रदर्शन
अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को निष्पक्ष और पारदर्शी जांच का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि मामले की हर पहलू से जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। आश्वासन के बाद परिजनों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया और मार्ग खोल दिया गया।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने पूछताछ के लिए मृतका के सास-ससुर को हिरासत में लिया है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया और शाम करीब 5 बजे अंतिम संस्कार किया गया।
अखनूर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।
विधायक ने परिजनों से की मुलाकात
विधायक मोहन लाल भगत भी एसडीएच अखनूर पहुंचे और शोकाकुल परिवार से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों को निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ इस तरह की घटनाएं किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएंगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.