विनय त्यागी हत्याकांड: एसआईटी ने शूटरों से की लंबी पूछताछ, क्राइम सीन रीक्रिएट

HIGHLIGHTS
- लक्सर में हुए कुख्यात विनय त्यागी हत्याकांड की जांच में एसआईटी ने तेजी लाते हुए जेल में बंद दोनों शूटरों को रिमांड पर लेकर शुक्रवार को गहन पूछताछ की।
- पूछताछ के बाद पुलिस टीम आरोपियों को घटनास्थल और उनके फरार होने व छिपने के ठिकानों पर ले गई, जहां पूरे घटनाक्रम को दोबारा रिक्रिएट कराया गया।
- पुलिस सूत्रों का कहना है कि इस प्रक्रिया में जांच एजेंसी को कई अहम सुराग हाथ लगे हैं।
- गौरतलब है कि 24 दिसंबर को रुड़की जेल से न्यायालय में पेशी के लिए ले जाए जा रहे कुख्यात अपराधी विनय त्यागी पर लक्सर के रेल…
लक्सर में हुए कुख्यात विनय त्यागी हत्याकांड की जांच में एसआईटी ने तेजी लाते हुए जेल में बंद दोनों शूटरों को रिमांड पर लेकर शुक्रवार को गहन पूछताछ की। पूछताछ के बाद पुलिस टीम आरोपियों को घटनास्थल और उनके फरार होने व छिपने के ठिकानों पर ले गई, जहां पूरे घटनाक्रम को दोबारा रिक्रिएट कराया गया। पुलिस सूत्रों का कहना है कि इस प्रक्रिया में जांच एजेंसी को कई अहम सुराग हाथ लगे हैं।
गौरतलब है कि 24 दिसंबर को रुड़की जेल से न्यायालय में पेशी के लिए ले जाए जा रहे कुख्यात अपराधी विनय त्यागी पर लक्सर के रेलवे ओवरब्रिज पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई थी। गंभीर रूप से घायल विनय त्यागी को एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान तीसरे दिन उसकी मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने हमले को अंजाम देने वाले सन्नी उर्फ शेरा और अजय, दोनों काशीपुर निवासी, को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
मामले की विवेचना कर रही एसआईटी ने आगे की कड़ियां जोड़ने के लिए कोर्ट से आरोपियों के रिमांड की अनुमति मांगी थी। न्यायालय से आठ घंटे का रिमांड मिलने के बाद एसआईटी प्रभारी और सीओ सिटी हरिद्वार शिशुपाल सिंह नेगी के नेतृत्व में टीम ने दोनों आरोपियों से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान हत्या की साजिश, हथियारों और फरारी से जुड़े कई बिंदुओं पर जानकारी जुटाई गई।
इसके बाद पुलिस टीम आरोपियों को लेकर घटनास्थल पहुंची और वहां पूरे हत्याकांड का सीन रीक्रिएट कराया। साथ ही उनके छिपने के ठिकानों पर भी छानबीन कर संभावित साक्ष्य तलाशे गए। रिमांड की अवधि पूरी होने पर दोनों आरोपियों को दोबारा कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।
एसआईटी प्रभारी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि पूछताछ में हत्याकांड से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं, जिनके आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।
स्वजनों से भी होगी पूछताछ
एसआईटी अब इस मामले में विनय त्यागी के परिजनों से भी पूछताछ की तैयारी कर रही है। हत्याकांड के बाद स्वजनों ने पुलिस की भूमिका को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए थे। इन्हीं बिंदुओं को स्पष्ट करने के लिए परिजनों से जानकारी जुटाई जाएगी। उल्लेखनीय है कि विनय त्यागी की पत्नी और पूर्व ब्लॉक प्रमुख निशि त्यागी अभी फरार है, जिसके खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.