जहीर खान बने लंका प्रीमियर लीग की चैंपियन टीम जाफना किंग्स के सह-मालिक

HIGHLIGHTS
- एंकर स्पोर्ट्स एबी ने चार बार की एलपीएल चैंपियन जाफना किंग्स का अधिग्रहण पूरा किया।
- जाफना किंग्स ने अब तक पांच सीजन में चार बार खिताब जीतकर रिकॉर्ड बनाया है।
- जहीर खान ने श्रीलंकाई क्रिकेट से जुड़ने को लेकर अपनी खुशी जाहिर की।
नई दिल्ली। पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज जहीर खान अब लंका प्रीमियर लीग (एलपीएल) की सबसे सफल फ्रेंचाइजी के सह-मालिक बन गए हैं। स्टॉकहोम स्थित वैश्विक खेल स्वामित्व समूह ‘एंकर स्पोर्ट्स एबी’ ने चार बार की चैंपियन जाफना किंग्स का अधिग्रहण पूरा कर लिया है। इस अधिग्रहण के बाद जहीर खान फ्रेंचाइजी से जुड़ गए हैं और टीम का नाम आधिकारिक रूप से बदलकर ‘एंकर जाफना किंग्स’ कर दिया गया है।
एलपीएल की सबसे सफल टीम है जाफना किंग्स
जहीर खान एंकर स्पोर्ट्स के मालिक नागेंद्र सिद्दुतम के साथ फ्रेंचाइजी के सह-मालिक के रूप में जुड़े हैं। वह अपने साथ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का लंबा अनुभव लेकर इस टीम का हिस्सा बने हैं।
जाफना किंग्स ने लंका प्रीमियर लीग में शानदार प्रदर्शन करते हुए एक अलग पहचान बनाई है। टीम ने अब तक खेले गए पांच सीजन में चार बार खिताब अपने नाम किया है। इस सीजन में भी टीम मजबूत दावेदारों में शामिल है। भानुका राजपक्षे की कप्तानी वाली टीम ने अब तक छह मुकाबलों में चार जीत दर्ज की हैं और अंक तालिका में शीर्ष दो टीमों में बनी हुई है।
श्रीलंकाई क्रिकेट से जुड़कर उत्साहित हैं जहीर खान
जाफना किंग्स के सह-मालिक बनने के बाद जहीर खान ने कहा कि उन्होंने हमेशा श्रीलंका से निकलने वाली गेंदबाजी प्रतिभा, विविधता और नए प्रयोगों की सराहना की है। उन्होंने कहा कि श्रीलंका ऐसा देश है जहां वह खेल चुके हैं और उनकी कई अच्छी यादें जुड़ी हुई हैं।
जहीर खान ने कहा कि एक टीम मालिक के तौर पर श्रीलंकाई क्रिकेट का हिस्सा बनना उनके लिए बेहद रोमांचक है और वह ‘एंकर जाफना किंग्स’ के साथ काम शुरू करने को लेकर उत्साहित हैं।
एंकर स्पोर्ट्स का बढ़ा अंतरराष्ट्रीय पोर्टफोलियो
इस अधिग्रहण के साथ एंकर स्पोर्ट्स का वैश्विक खेल पोर्टफोलियो और मजबूत हुआ है। कंपनी के पास पहले से यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग में ‘एंटवर्प एंकर्स’ और कनाडा की सुपर 60 लीग में खेलने वाली ‘वैंकूवर एंकर्स’ की पुरुष और महिला टीमें शामिल हैं।
एंकर स्पोर्ट्स के मालिक नागेंद्र सिद्दुतम ने कहा कि यह कंपनी के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि श्रीलंका की क्रिकेट विरासत शानदार है और लंका प्रीमियर लीग ने कम समय में खुद को एक मजबूत और प्रतिस्पर्धी लीग के रूप में स्थापित किया है।
उन्होंने कहा कि जाफना एंकर्स, वैश्विक स्तर पर एंकर स्पोर्ट्स द्वारा तैयार किए जा रहे क्रिकेट नेटवर्क का स्वाभाविक विस्तार है। कंपनी जाफना एंकर्स में निवेश करने और लीग के निरंतर विकास में योगदान देने को लेकर उत्साहित है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.