सेल्फी लेने गए 4 दोस्त नदी के टापू पर फंसे, 11 घंटे के रेस्क्यू के बाद SDRF ने बचाया

HIGHLIGHTS
- खंडवा में नदी का जलस्तर बढ़ने से चार युवक टापू पर फंसे।
- SDRF और प्रशासन ने 11 घंटे के रेस्क्यू के बाद सभी को सुरक्षित बचाया।
- ड्रोन से पहुंचाई गई मदद, खराब मौसम के कारण एयरलिफ्ट की योजना भी बनी थी।
मध्य प्रदेश।खंडवा में बारिश के बीच नदी किनारे सेल्फी लेना चार युवकों के लिए मुश्किल में बदल गया। पिकनिक मनाने पहुंचे चार दोस्त अचानक नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण बीच में बने टापू पर फंस गए। गुरुवार शाम से शुरू हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन पूरी रात जारी रहा।
तेज बहाव और अंधेरे के बीच प्रशासन, पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) की टीमों ने लगातार बचाव प्रयास किए। पानी का बहाव अधिक होने के कारण रेस्क्यू में काफी दिक्कतें आईं। इस दौरान ड्रोन की मदद से युवकों तक खाना, पानी और लाइफ जैकेट पहुंचाई गईं। करीब 11 घंटे की मेहनत के बाद शुक्रवार तड़के चारों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
हांडीकुंडी पिकनिक स्पॉट पर फंसे थे युवक
जानकारी के मुताबिक, खंडवा जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर सुक्ता और आबना नदी के संगम पर स्थित हांडीकुंडी पिकनिक स्पॉट पर शहर के मेडिकल व्यवसायी हुजेफा हामिद अली अपने साथियों असगर, मुस्तफा और मयंक के साथ घूमने गए थे।
इसी दौरान क्षेत्र में हुई तेज बारिश के कारण नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया और चारों युवक टापू पर फंस गए। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और बचाव अभियान शुरू किया गया।
शाम से शुरू हुआ रेस्क्यू अभियान
युवकों को सुरक्षित निकालने के लिए गुरुवार शाम करीब छह बजे रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। हालांकि, नदी में तेज बहाव के चलते शुरुआती प्रयास सफल नहीं हो सके।
स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने एसडीआरएफ की टीम को मौके पर तैनात किया। इसके अलावा अतिरिक्त सहायता के लिए एनडीआरएफ (NDRF) को भी अलर्ट किया गया।
रात में रेस्क्यू करना संभव नहीं होने पर प्रशासन ने युवकों से लगातार संपर्क बनाए रखा। उनकी सुरक्षा के लिए ड्रोन के जरिए टापू तक खाना, पीने का पानी और लाइफ जैकेट पहुंचाई गईं।
एयरलिफ्ट की भी बनाई गई थी योजना
प्रशासन ने युवकों को निकालने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर हेलीकॉप्टर से एयरलिफ्ट की तैयारी भी की थी। इसके लिए रायपुर से हेलीकॉप्टर बुलाया गया था, लेकिन नागपुर पहुंचने के बाद मौसम खराब होने के कारण उसे वहीं रोकना पड़ा।
प्रशासन को उम्मीद थी कि शुक्रवार सुबह हेलीकॉप्टर खंडवा पहुंच जाएगा, लेकिन इससे पहले ही एसडीआरएफ की टीम ने सफल रेस्क्यू करते हुए चारों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
प्रभारी कलेक्टर ने दी जानकारी
जिला पंचायत सीईओ और प्रभारी कलेक्टर नागार्जुन बी. गोडा ने बताया कि गुरुवार शाम सूचना मिली थी कि चार युवक हांडीकुंडी पिकनिक स्पॉट पर बने टापू में फंस गए हैं।
उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू शुरू किया गया। लगातार बारिश और तेज बहाव के कारण अभियान में कई परेशानियां आईं।
एसपी ने लोगों से की अपील
खंडवा एसपी आगम जैन ने बताया कि जिले में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया था। लोगों से नदी-नालों और जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने की अपील भी की गई थी।
इसके बावजूद चार युवक नदी के बीच बने टापू पर पहुंच गए और फंस गए। उन्होंने बताया कि युवकों के पास मोबाइल फोन होने से रेस्क्यू अभियान में काफी मदद मिली।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.