मुजफ्फरनगर में शिव मंदिर के 81 वर्षीय पुजारी की हत्या, सीने में मारी गोली

HIGHLIGHTS
- मुजफ्फरनगर के भौराकलां क्षेत्र में मंगलवार रात पुजारी की हत्या हुई।
- 81 वर्षीय स्वामी देवानंद भारती रिटायर्ड फौजी थे और 20 साल से मंदिर में रह रहे थे।
- बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें बाहर बुलाकर सीने में गोली मारी।
मुजफ्फरनगर। जिले में शिव मंदिर के 81 वर्षीय पुजारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बाइक पर सवार होकर आए दो युवक मंदिर पहुंचे और पुजारी को आवाज देकर बाहर बुलाया। इसके बाद उनके सीने में गोली मार दी। पास के क्वार्टर में तैनात PRD जवान ने गोली चलने की आवाज सुनी और मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक दोनों हमलावर फरार हो चुके थे। मृतक पुजारी रिटायर्ड फौजी थे।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। हत्याकांड का खुलासा करने के लिए सर्विलांस, SOG और थाना पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं। वारदात मंगलवार रात करीब नौ बजे भौराकलां थाना क्षेत्र में हुई।
DIG बोले- पुजारी को जानने वाले ने की हत्या
भौराकलां इलाके में ईआईटीआई के पास करीब 200 साल पुराना शिव मंदिर है। यहां पूजा-अर्चना करने वाले स्वामी देवानंद भारती सेना से सेवानिवृत्त थे। वह मूल रूप से ग्वालियर के रहने वाले थे और पिछले 20 वर्षों से मंदिर में रहकर पूजा कर रहे थे।
पुजारी की हत्या की सूचना पर सहारनपुर के DIG अभिषेक सिंह, SSP सूरज कुमार राय और SP देहात अक्षय संजय महाडीक घटनास्थल पर पहुंचे।
DIG अभिषेक सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में आशंका है कि हत्या करने वाले स्वामी देवानंद भारती को पहले से जानते थे। हालांकि, पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
घटनास्थल से एक गोली बरामद
वारदात के बाद मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। घटनास्थल से एक गोली भी मिली है, जो पुजारी के शरीर को आर-पार कर गई थी। पुलिस ने गोली और अन्य साक्ष्यों को अपने कब्जे में ले लिया है।
जांच टीम यह पता लगाने में जुटी है कि हमलावरों ने किस दिशा से गोली चलाई और वारदात के बाद वे किस रास्ते से फरार हुए।
पुलिस संदिग्धों की पहचान करने के साथ घटनास्थल के आसपास की गतिविधियों और तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। इसके अलावा स्वामी देवानंद भारती की किसी से पुरानी रंजिश या हाल के दिनों में हुए विवाद की संभावना को भी खंगाला जा रहा है। फिलहाल हत्या की वजह और आरोपियों की पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.