श्रीगुरु नानकदेव के प्रकाश पर्व पर निकला भव्य नगर कीर्तन

मुजफ्फरनगर। श्री गुरु नानक देव जी महाराज के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में रविवार को शहर में धार्मिक उत्साह का अनोखा दृश्य देखने को मिला। श्री गुरु सिंह सभा की ओर से निकाले गए विशाल नगर कीर्तन ने पूरे शहर का माहौल भक्तिमय बना दिया।
सुबह गांधी कॉलोनी स्थित गुरुद्वारे से शुरू होकर नगर कीर्तन लिंक रोड, भोपा रोड, अंसारी रोड, रुड़की रोड, शिव चौक, गुरु तेग बहादुर मार्केट और झांसी रानी चौक से होते हुए देर रात रोडवेज गुरुद्वारे पर संपन्न हुआ। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर संगत का स्वागत किया। पांच प्यारों की अगुवाई में गुरु ग्रंथ साहिब की पालकी सजाई गई थी, जिस पर पुष्पों की वर्षा की गई। निशान साहिब की आराधना के बाद कीर्तन की शुरुआत हुई।
नगर कीर्तन में पंजाब से आई गतका पार्टी ने अपने अद्भुत युद्धकौशल और करतबों से लोगों का दिल जीत लिया। साथ ही, पंजाब से आई आकर्षक झांकियां और शहर के बैंडबाजों ने शोभायात्रा की भव्यता को और बढ़ाया।
रास्ते में समाजिक संगठनों, व्यापार मंडलों, राजनेताओं और आरएसएस के प्रतिनिधियों ने नगर कीर्तन का स्वागत किया। कई स्थानों पर संगत ने झाड़ू लगाकर और पानी का छिड़काव कर मार्ग को पवित्र किया। गांधी कॉलोनी, नुमाइश कैंप और घास मंडी की प्रभात फेरियों ने कीर्तन के दौरान भक्ति रस का वातावरण बनाए रखा।
रुड़की रोड से लेकर रोडवेज गुरुद्वारे तक पूरे मार्ग को रोशनी से सजाया गया था। नगर कीर्तन के साथ सफाई व्यवस्था के लिए एक विशेष ट्राली पीछे चल रही थी, जो रास्ते की सफाई कर रही थी।
गुरु सिंह सभा की ओर से संगत के लिए जगह-जगह प्रसाद और जल सेवा के स्टॉल लगाए गए। आयोजन स्थल पर आतिशबाजी ने भी श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। प्रशासन द्वारा सुरक्षा और ट्रैफिक की व्यवस्था बेहद सुव्यवस्थित रही।
कार्यक्रम के दौरान गुरु सिंह सभा के प्रधान सरदार सतपाल सिंह मान और सचिव सरदार अजीत सिंह मलिक ने समाजसेवियों और सहयोगियों को सरोपा और शील्ड भेंट कर सम्मानित किया। सभा के सदस्य पारंपरिक परिधान सफेद कुर्ता-पायजामा और नीली पगड़ी में पूरे आयोजन के दौरान सेवा में जुटे रहे।
इस अवसर पर उपाध्यक्ष एस. रविंदर सिंह गंभीर ने बताया कि श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व 5 नवंबर को रोडवेज गुरुद्वारे में सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक विशेष कार्यक्रम के रूप में धूमधाम से मनाया जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.